
ग्वालियर। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने देश में बेमौसम बारिश से हुए फसलों के नुकसान पर दुख जताया है। केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि बेमौसम बारिश से नुकसान हुआ है, लेकिन देश में खाद्यान्न की कमी नहीं आएगी। मोदी सरकार पूरी तरह से किसानों के लिए प्रतिबद्ध है।
देश में खाद्यान्न की दिक्कत नहीं आएगी : तोमर
दरअसल, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर पहुंचे हैं। यहां उन्होंने कहा कि देश में बेमौसम बारिश से फसल को नुकसान हुआ है। देशभर का नुकसान केंद्र और राज्य सरकारों के संज्ञान में हैं। कृषि मंत्री तोमर ने खाद्यान्न को लेकर दावा किया है कि नुकसान के बाद भी अगर उत्पादन का औसत देखेंगे तो देश में खाद्यान्न की दिक्कत नहीं आएगी।
फसल नुकसान की भरपाई होगी : तोमर
उन्होंने कहा कि स्वाभाविक रूप से जब नुकसान होता है तो उसकी एक प्रक्रिया होती है। राज्य सरकार मुआवजा देती है, जरूरत पड़ी तो केंद्र भी मदद करता है। मोदी सरकार पूरी तरह से किसानों के लिए प्रतिबद्ध है। फसल नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार भी राज्य सरकारों के साथ खड़ी है। जब भी राज्य सरकारों की तरफ से मेमोरेंडम आएगा तो केंद्र सरकार पूरी ताकत से किसानों को सहयोग करेगी। देश में सामान्य तौर पर जो फसलों का नुकसान हुआ है, वह दुखद है। लेकिन, खाद्यान्न की कोई कमी नहीं आएगी यह मैं जरूर आश्वस्त करना चाहता हूं।
#ग्वालियर : #बेमौसम_बारिश से फसल को #नुकसान हुआ है। देश में #खाद्यान्न की दिक्कत नहीं आएगी। फसल नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार भी राज्य सरकारों के साथ खड़ी है : #नरेंद्र_सिंह_तोमर, केंद्रीय #कृषि_मंत्री #PeoplesUpdate #NarendraSinghTomar #UnionAgricultureMinister pic.twitter.com/OR6PhYX45A
— Peoples Samachar (@psamachar1) April 9, 2023
कृषि वैज्ञानिकों ने नए बीजों को इजाद किया है
केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर ने बताया है कि आज जलवायु परिवर्तन का संकट हम सब लोगों के सामने विद्यमान है। हमारे ICR के सभी कृषि वैज्ञानिकों ने नए बीजों को इजाद किया है, जो जलवायु परिवर्तन के इस दौर में भी वातावरण को सहन कर सके। किसानों को ऐसे ही बीजों का उपयोग करना चाहिए। तोमर ने कहा कि फसल नुकसान के आंकलन और मुआवजे के लिए राज्य सरकारें सर्वे करा रही हैं। उत्पादन में कमी आएगी, लेकिन खाद्यान्न का संकट नहीं आएगा। यहां बता दें कि एग्रीवॉच की स्टडी रिपोर्ट में कहा गया है कि बेमौसम बारिश से गेहूं के उत्पादन में कमी आएगी।