Guna News : बजरंगगढ़ में भू-माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ से अधिक की शासकीय जमीन से हटाया अतिक्रमण, अवैध कब्जा कर बनाया था ढाबा

गुना। जिले के ग्राम बजरंगगढ़ में प्रशासन ने भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ रुपए से अधिक की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। यह कार्रवाई आरोन रोड पर स्थित शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ की गई।
सूत्रों के अनुसार, चंद्रप्रकाश भट्ट, गौरव भट्ट और अन्य व्यक्तियों द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध रूप से ढाबा बनाकर और फसल बोकर कब्जा किया गया था। इस मामले को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्यवाही की योजना बनाई। शनिवार को मौके पर पहुंचकर प्रशासन ने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया और भूमि को पुन: सरकारी अधिकार में लिया।
एसडीएम, तहसीलदार रहे मौजूद
इस अभियान का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) शिवानी पांडे ने किया। उनके साथ पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) भरत नोटिया, तहसीलदार कमल सिंह मंडेलिया, राजस्व विभाग के कर्मचारी, पुलिस बल और होमगार्ड के जवान मौजूद रहे। इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।





















