जबलपुरमध्य प्रदेश

रीवा में 3 लोगों की मौत : मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे 40 श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; 2 दर्जन से ज्यादा घायल

मप्र के रीवा जिले में मूर्ति विसर्जन कर वापस लौट रहे 40 लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि, दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना बुधवार रात 1.30 बजे नईगढ़ी थाना क्षेत्र के पथरौड़ा के पास हुई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

दुर्गा विसर्जन कर लौट रहे थे सभी

जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत चद्रमौली गांव के रहने वाले करीब 40 लोग बुधवार की रात ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर नईगढ़ी के अष्टभुजा धाम स्थित देवलहा नदी में मूर्ति विसर्जन करने गए थे। जिसमें पुरुष महिलाओं के साथ ही बच्चे भी ट्रॉली में सवार थे। सभी लोग देर रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच जब दुर्गा विसर्जन कर लौट रहे थे, तभी नईगढ़ी मऊगंज मार्ग स्थित पथरौड़ा के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।

घटनास्थल पर मची चीख-पुकार

ट्रॉली के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। अंधेरा होने के चलते किसी के कुछ समझ ही नहीं आ रहा था। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस के साथ एंबुलेंस को दी। जिसके बाद पुलिस और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों को इलाज के लिए मऊगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायलों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है।

हादसे में तीन लोगों की मौत

इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में 2 दर्जन से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों में राजेश कुशवाहा, अश्वनी पटेल, रामू जगर हैं। सभी चंद्रमौली गांव के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां पर सड़क में गड्ढा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: सतना में दर्दनाक हादसा : घर में लगी आग… मां और 2 मासूम बच्चों की जलकर मौत; परिजनों ने अस्पताल में की तोड़फोड़

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button