
कैथल (हरियाणा)। हरियाणा के कैथल में दशहरे पर बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। इस हादसे में कार सवार 9 लोगों में से 8 की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार की तीन महिलाएं, चार बच्चे शामिल हैं। सभी दशहरा के मौके पर गुरु रविदास मंदिर में माथा टेकने के लिए जा रहे थे।
ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार के सभी सदस्य गांव डीग के रहने वाले थे और वे पुंडरी से कैथल की ओर आ रहे थे। हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। जैसे ही ग्रामीणों ने कार को नहर में गिरते देखा तो वे मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया। कार में सवार सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
परिवार शनिवार सुबह कार से गुरु रविदास मंदिर में माथा टेकने के लिए जा रहा था। पुलिस के अनुसार, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण मुंदरी गांव के पास कार नहर में गिर गई।
मृतकों की पहचान
पुलिस ने बताया कि 12 वर्षीय कोमल नामक लड़की लापता है और उसे खोजने के प्रयास जारी हैं। वहीं मृतकों की पहचान दर्शना (40), सुखविंदर (28), चमेली (65), फिजा (19), वंदना (14), रिया (12), नवनीत (8) और कोमल (18) के रूप में हुई है। ड्राइवर कर्मजीत (45) का इलाज चल रहा है। सभी लोग कैथल के डीग गांव के रहने वाले थे।
मृतकों के परिजनों को 2 लाख की अनुग्रह राशि
घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- ‘हरियाणा के कैथल में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। इसमें जान गंवाने वालों के शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करे। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हर संभव मदद में जुटा है।’
“प्रधानमंत्री ने हरियाणा के कैथल में हुए हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि स्वीकृत की है। घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।”