
रायसेन। जिले में गुरुवार एक बड़ा हादसा हो गया। सिलवानी कस्बे में जमुनिया घाटी पर तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में घायलों की संख्या 15-16 बताई जा रही है। सभी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh) ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। तीर्थयात्रियों से भरी बस गंगासागर से लौट कर गाडरवारा-नरसिंहपुर लौट रही थी।
मौके पर मची चीख-पुकार
पुलिस के मुताबिक, तीर्थयात्रियों को लेकर लौट रही आरएस तोमर ट्रैवल्स की बस (जीएस 01 एफटी 4603) गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अचानक पलट गई। बस में सवार 15-16 लोग घायल हो गए। सभी तीर्थयात्री एक सप्ताह पहले गंगासागर गए थे। वहां से वापस आते समय जमुनिया घाटी के पास बस पलट गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। मौके पर विधायक रामपाल सिंह राजपूत के सचिव भोले शंकर पाराशर ने पहुंचकर तत्काल पुलिस प्रशासन एवं अन्य लोगों को सूचना दी। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
यात्री नरसिंहपुर-रायसेन जिले के थे
पुलिस-प्रशासन के अधिकारी गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में व्यस्त थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी भारत सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के बयान दर्ज किए हैं। घायल यात्री नरसिंहपुर और रायसेन जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। कोहरा होने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
सीएम ने दिए इलाज के निर्देश
बस हादसे में घायल हुए यात्रियों के बेहतर इलाज के निर्देश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दिए हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- रायसेन में सिलवानी के जमुनिया घाटी पर तीर्थयात्रियों से भरी बस के पलटने से यात्रियों के घायल होने का समाचार प्राप्त हुआ। तत्काल कलेक्टर को यात्रियों के इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए। यह संतोष की बात है कि इलाज के पश्चात यात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए हैं। सभी तीर्थयात्री सकुशल हैं। प्रशासन भी सतत यात्रियों के संपर्क में है। चिंता की कोई बात नहीं है।
ये भी पढ़ें:MP Weather Update : भोपाल समेत कई इलाकों में गिरा पानी, इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अलर्ट