
आशीष शर्मा-ग्वालियर। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और प्रदूषण को देखते हुए इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों की डिमांड बढ़ रही है। प्रदेश के परिवहन कार्यालयों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो मप्र में बीते 11 महीने में (1 जनवरी से नवंबर 2023 तक) कुल 13.10 लाख वाहन रजिस्टर्ड हुए हैं। इनमें से करीब 70 हजार इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहन हैं, जबकि वर्ष 2022 में करीब 42 हजार ही रजिस्टर्ड हुए थे। इस तरह इस साल 11 महीने में ही 29 हजार अधिक इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहन रजिस्टर्ड हुए हैं, जो कि डेढ़ गुना ज्यादा है। एक महीने में यह आंकड़ा और बढ़ जाएगा।
मप्र ऑटो मोबाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण पटेल के अनुसार, ईवी के साथ चार्जिंग समस्या है। यही कारण है कि लोग हाइब्रिड वाहनों में रुचि दिखा रहे हैं। किसी व्यक्ति को इंदौर से मुंबई जाना है, तो वह इलेक्ट्रिक गाड़ी लेकर नहीं जा सकता। चार्जिंग के लिए उसे कहीं न कहीं रुकना पड़ेगा। हाइब्रिड वाहन में ये परेशानी नहीं है। पेट्रोल गाड़ी के साथ इलेक्ट्रिक बैटरी आसानी से चार्ज हो जाती है। इसके लिए अलग से रुकने की जरूरत नहीं है। 1 लीटर पेट्रोल में यह बैट्री को 4 से 5 किमी तक चार्ज कर देती है।
शहर के लिहाज से फायदेमंद है : ईवी स्कूटर इस्तेमाल कर रहे वैभव गुप्ता ने बताया कि मुझे अधिक दूरी रोज तय नहीं करनी पड़ती। इस लिहाज से ईवी ठीक है। रोजाना 40-50 किमी तक आसानी से चला जा सकता है। एक चार्ज में 80-90 किमी चल जाती है।
परिवहन विभाग को करोड़ों का टैक्स : विभाग को टैक्स और परमिट से इस साल लगभग 350 करोड़ रुपए राजस्व प्राप्त हुआ है, जो कि वर्ष 2022 से 40 करोड़ रुपए ज्यादा है।
चार महानगरों में वाहन खरीदी की स्थिति
ग्वालियर
वाहन प्रकार 2022 2023
दो पहिया 37,442 99,157
चार पहिया 11,554 18,054
कुल वाहन 59,392 72,029
इंदौर
दो पहिया 1,05,718 1,08,010
चार पहिया 44,199 41,465
कुल वाहन 1,61,962 1,65,534
भोपाल
दो पहिया 25,643 24,519
चार पहिया 61,867 61,395
कुल वाहन 99,157 99,665
जबलपुर
दो पहिया 12,285 11,136
चार पहिया 45,581 40,987
कुल वाहन 64,142 60,142
किस वर्ष में कुल कितने वाहन रजिस्टर्ड
वाहन प्रकार 2022 2023
दो पहिया 10,35,517 9,52,529
चार पहिया 1,51,264 1,47,320
ट्रैक्टर 1,07,850 1,01,485
माल वाहन 26,115 24,663
ई-रिक्शा 13,829 24,262
किस ईंधन के कितने वाहन
इलेक्ट्रिक 36,804 58,632
पेट्रोल/हाईब्रिड 4,686 10,970
डीजल 1,76,791 1,74,749
पेट्रोल 11,17,601 10,16,381
पेट्रोल/सीएनजी 20,363 16,619
नवंबर 2023 तक 13.10 लाख वाहन पंजीकृत हो चुके हैं। यह आंकड़ा दिसंबर तक 15 लाख तक पहुंच सकता है। खरीद बढ़ने से विभाग को ज्यादा राजस्व मिल रहा है। – अरविंद सक्सेना अपर परिवहन आयुक्त, म.प्र.