
गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नॉर्थ-ईस्ट की पहली और देश की 18वीं ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाई। बता दें, उत्तर-पूर्व की ओर जाने वाली वंदे भारत पश्चिम बंगाल में न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन और असम में गुवाहाटी के बीच चलेगी। जो 411 किलोमीटर की दूरी साढ़े 5 घंटे में तय करेगी।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में क्या कहा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PM ने कहा कि, आज नॉर्थ-ईस्ट की कनेक्टिविटी से जुड़े तीन काम हो रहे हैं।
- नॉर्थ-ईस्ट को पहली मेड इन इंडिया वंदे भारत मिल रही है।
- दूसरा- ये पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाली तीसरी वंदे भारत है।
- तीसरा- मेघालय के लगभग 425 किमी ट्रैक पर इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा हो गया है।
पीएम ने कहा कि बीते 9 साल, भारत के लिए अभूतपूर्व उपलब्धियों के रहे हैं। नए भारत के निर्माण के रहे हैं। ट्रेन पर्यटन को बढ़ावा देगी और पूर्वोत्तर में सामाजिक-आर्थिक विकास को समृद्ध करेगी।
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi virtually flags off the inaugural run of Northeast's first Vande Bharat Express train in Assam. The northeast-bound Vande Bharat will run between New Jalpaiguri Station in West Bengal and Guwahati in Assam. pic.twitter.com/xEjbXVMYAX
— ANI (@ANI) May 29, 2023
5 घंटे 30 मिनट में तय करेगी यात्रा
यह ट्रेन असम के गुवाहाटी से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलेगी, जो 411KM की दूरी 5 घंटे 30 मिनट में तय करेगी। जबकि अभी सुपरफास्ट ट्रेन से इस दूरी को तय करने में 6 घंटे लगते हैं। प्रधानमंत्री 182 किलोमीटर लंबे मार्ग के नए विद्युतीकृत खंडों को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन
गुवाहाटी से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली ये वंदे भारत न्यू अलीपुरद्वार, कोकराझार, न्यू बोंगाईगांव और कामाख्या स्टेशन पर रुकेगी। ट्रेन सुबह 6:10 बजे न्यू-जलपाईगुड़ी जंक्शन से निकलेगी और दोपहर में गुवाहाटी पहुंचेगी। आठ कोच वाली यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। रिटर्न में ट्रेन शाम 4:30 बजे गुवाहाटी से रवाना होगी और रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।
17वीं वंदे भारत एक्सप्रेस
इससे पहले पीएम मोदी ने 25 मई को उत्तराखंड की पहली और देश की 17वीं वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि, देश अब रुकने वाला नहीं है, वह वंदे भारत की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और बढ़ता जाएगा। अब उत्तराखंड का विकास भारत के विकास में भी मदद करेगा।
ये भी पढ़ें- उत्तराखंड को बड़ी सौगात : PM ने देहरादून-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी; 4.45 घंटे में पूरा होगा सफर