
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में गुरुवार को दिनदहाड़े बाइक सवारों ने गोली मारकर बदमाश की हत्या कर दी गई। आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। सूचना पर माधव नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की बात कही है। जानकारी के अनुसार, मृतक पुराना बदमाश बताया जा रहा है। जिसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गोली मारते हुए बदमाश दिख रहे हैं।
क्या है मामला ?
पुलिस की निष्कर्ता के चलते बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, ऐसा ही एक मामला उज्जैन के व्यस्तम मार्ग से सामने आया है। यहां पर दिनदहाड़े एक पुराने बदमाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश कई मामलों में आरोपी रहा है। घटना गुरुवार को फ्रीगंज इलाके में मुंगी चौराहे पर घटित हुई है। जहां बदमाश सड़क किनारे खड़े होकर अपने साथी से बात कर रहा था, इसी दौरान दो लोग बाइक पर आए। बाइक पर पीछे बैठा युवक उतरा और बदमाश पर पिस्टल से फायर कर दिया। इससे पहले की वह संभल पाता इतने में युवक ने एक और फायर कर दिया और बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
घायल बदमाश अपने वीडियो में किसी का नाम भी बता रहा है, जो कि स्पष्ट सुनने में नहीं आ रहा है। घायल को निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बदमाश का प्रॉपर्टी विवाद या किसी आपराधिक केस के विवाद में गोली मारना सामने आ रहा है। सूचना मिलने के बाद उज्जैन पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, एडिशनल एसपी अभिषेक आनंद सहित आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे आरोपी
घटना के संबंध में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी बदमाश पर गोली चलाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि 2 लोग बाइक पर सवार होकर आते है और उन दो लोगों में से एक युवक राजू द्रोणावत पर फायर करता है, राजू वहां से भागने की कोशिश करता, इससे पहले ही आरोपी गोली मार देता है। गोली लगते ही घायल अवस्था में वो खड़े होने की कोशिश करता है, लेकिन राजू द्रोणावत वहीं गिर जाता है। अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई है। राजू के घायल होने के बाद कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया। इस वीडियो में वो किसी बाबू भारद्वाज द्वारा गोली मारने की बात कह रहा है।
जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी : एसपी
इधर घटना स्थल पर पहुंचे एसपी सचिन शर्मा ने कहा की जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। घटना के पीछे विवाद का कारण क्या था, ये जांच के बाद कुछ कहा जा सकेगा। एडिशनल एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि दो युवकों ने राजू द्रोणावत को गोली मार दी है। मामले में जांच की जा रही है, आरोपियों पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।