
मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में रविवार को महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह में हीटस्ट्रोक के चलते 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरने वालों में 8 महिलाएं शामिल हैं। नवी मुंबई के खारघर के एक बड़े मैदान में सुबह 11.30 बजे से 1 बजे तक चले इस कार्यक्रम के दौरान दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री था।
डिहाइड्रेशन की वजह से लोगों की बिगड़ी तबीयत
इस कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह ने समाजसेवी दत्तात्रेय नारायण को अवॉर्ड दिया। कार्यक्रम में लाखों लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान लोगों के बैठने के लिए जो व्यवस्था की गई थी, उसके ऊपर कोई शेड नहीं लगाया गया था। जिसकी वजह से धूप और गर्मी से कई लोगों की तबीयत खराब हो गई। बताया जा रहा है कि, दोपहर एक बजे कार्यक्रम खत्म होने के बाद भीड़ में लोगों को निकलने में समय लगा। डिहाइड्रेशन की वजह से कई लोगों को चक्कर आने लगे और तबीयत बिगड़ गई।
मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अस्पताल का दौरा कर मरीजों की जानकारी ली और डॉक्टरों को उचित निर्देश दिए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके अलावा इलाज कराने वालों के इलाज का खर्च भी राज्य सरकार वहन करेगी। वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मौतों को ‘दुर्भाग्यपूर्ण और कष्टदायक’ बताया और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।