
अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। टेक्सास के आर्लिंग्टन शहर में एक स्कूल में गोलीबारी की घटना सामने आई है। गोली लगने से एक छात्र की मौत हो गई है। जबकि, एक महिला घायल हो गई है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उसने गोली क्यों चलाई इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार, स्कूल की इमारत के ठीक बाहर गोली चलने की सूचना मिली थी।
United States | One student dead, another injured after a student opened fire in a high school campus in the suburb of Arlington, Texas. Suspect arrested, reports The Associated Press citing the police
— ANI (@ANI) March 20, 2023
आरोपी की पहचान बताने से पुलिस ने मना किया
घटनास्थल से गिरफ्तार हुए स्टूडेंट के अंडरएज होने की वजह से पुलिस ने पहचान बताने से मना कर दिया। पकड़े गए आरोपी को पास के ही जुवेनाइल सेंटर में रखा गया है। पुलिस ने गोलीबारी में इस्तेमाल की गई बंदूक को कब्जे में ले लिया, लेकिन शूटर ने किस मकसद से गोलीबाकी की और उसके पास बंदूक कहां से आई, इस बात की जानकारी पुलिस के पास अब तक नहीं है।
अमेरिका में लगातार बढ़ रहीं गोलीबारी की घटनाएं
अमेरिका में फायरिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। यहां तक कि, राष्ट्रपति जो बाइडन इसे लेकर कह चुके हैं कि देश में आर्म्स को लेकर कड़े फैसले लेने की जरूरत है। बता दें कि, अमेरिका के कैलिफोर्निया में 22 जनवरी को फायरिंग की घटना सामने आई थी। इसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी। 19 लोग घायल हुए थे। यह घटना मोंटेरी पार्क इलाके में चीनी न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान हुई थी। उस दौरान रात करीब 10 बजे (अमेरिका के समयानुसार) ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इसमें 17 साल का एक चीनी मूल का युवक भी मारा गया था। मोंटेरी पार्क लॉस एंजिल्स काउंटी का एक शहर है, जो लॉस एंजिल्स के डाउनटाउन से लगभग 7 मील (11 किमी) दूर है। इस इलाके में कुल 3000 हजार लोग रहते हैं। इनमें ज्यादातर चीनी नागरिक हैं।
28 जनवरी 2023 को भी कैलिफोर्निया में गोलीबारी की घटना सामने आई। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। घटना में चार अन्य लोग घायल हुए। लॉस एंजिलिस पुलिस विभाग के सार्जेंट फ्रैंक प्रेसियाडो ने बताया कि लॉस एंजिलिस के पास बेवरर्ली क्रेस्ट में देर रात 2:30 बजे गोलीबारी की घटना हुई। प्रेसियाडो ने बताया कि जिन 7 लोगों को गोली मारी गई है, उनमें चार बाहर थे, जबकि मारे गए 3 लोग एक गाड़ी में सवार थे।
पिछले साल यानी 2022 में इस तरह की फायरिंग में सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले साल अमेरिका में गन फायरिंग के चलते करीब 44 हजार मौतें हुई हैं। गोलीबारी की ये घटनाएं अस्पताल, पब, मेट्रो स्टेशन और अन्य पब्लिक प्लेस पर हो चुकी हैं। मई 2022 में टेक्सास में एक 18 साल के बंदूकधारी ने 19 बच्चों और 2 शिक्षकों की हत्या कर दी थी।