नई दिल्ली। जेएनयू छात्र संगठन के पूर्व अध्यक्ष और सीपीआई के नेता कन्हैया कुमार ने अब कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। उसके साथ गुजरात से जिग्नेश मेवानी ने भी कांग्रेस जॉइन की है। कांग्रेस में शामिल होने से पहले दोनों राहुल गांधी के साथ भगत सिंह की जयंती के कार्यक्रम में पहुंचे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणूगोपाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस की सदस्यता लेने के मौके पर कन्हैया कुमार ने कहा कि देश में कुछ लोग इस देश की चिंतन परंपरा, संस्कृति, मूल्य, वर्तमान और भविष्य खराब करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें बचाने के लिए देश की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक पार्टी में इसलिए शामिल होना चाहते हैं। कांग्रेस नहीं बची तो देश नहीं बचेगा। अगर कांग्रेस को बचाया जाता है तो कई लोगों की आकांक्षाएं, महात्मा गांधी की एकता, भगत सिंह की हिम्मत और बीआर अंबेडकर के समानता के विचार की भी रक्षा की जाएगी।
क्या कहा कांग्रेस नेताओं ने
हम इन युवा नेताओं कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी के साथ काम करने को लेकर आशान्वित हैं, ताकि देश पर शासन कर रही फासीवादी ताकतों को हरा सकें।
– केसी वेणुगोपाल, महासचिव
इन्होंने मोदी सरकार और हिटलरशाही की नीति के खिलाफ संघर्ष किया है। हमारे इन साथियों को लगा कि ये आवाज और बुलंद हो पाएगी जब ये कांग्रेस और राहुल गांधी की आवाज़ में मिलकर एक और एक ग्यारह की आवाज़ बन जाएगी।
रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस महासचिव