
भोपाल। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि, प्रदेश में भी गुजरात मॉडल लागू होगा। इसके साथ ही बताया कि, 24 जनवरी को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हुई चर्चाओं के बारे में बात करते हुए कहा कि, आगामी नौ राज्यों में होने वाले चुनावों के लिए विजय का संकल्प पारित किया गया है।
कार्यकारिणी की बैठक में पारित हुए दो प्रस्ताव
वीडी शर्मा ने बताया कि, दिल्ली में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में 351 में 322 कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान दो रेजोल्यूशन पारित किए गए। कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी देश की वर्तमान परिस्थिति पर प्रस्ताव लेकर आई है। इसके अलावा G-20 की अध्यक्षता मिलने पर पार्टी ने एक वक्तव्य जारी किया है। इसके अंतर्गत मोदी सरकार की गरीब कल्याण की योजना है।
आगामी चुनावों के लिए विजय संकल्प पारित
वहीं चुनावी राज्यों में तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। आगामी नौ राज्यों में होने वाले चुनावों के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने विजय का संकल्प पारित किया है। उन्होंने कहा कि, गुजरात में भाजपा ने दिखा दिया है कि, 27 साल सत्ता में रहने के बाद भी एंटी इनकंबेंसी का प्रो इंकम्बेंसी में तब्दील किया जा सकता है। गुजरात में भाजपा को 53 प्रतिशत वोट मिले थे।
https://twitter.com/psamachar1/status/1615992891662565379?t=XnE-Kbzrue3oB9Kx0QZ5_g&s=08
भारत दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार है
इसके अलावा पीएम मोदी के इनोवेशन विजन और गरीब कल्याण योजना को लेकर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि, गरीब कल्याण की योजनाओं को लेकर हम आगे बढ़ेंगे। मोदी जी के नेतृत्व में सांस्कृतिक अभ्युदय पूरे देश में हो रहा है। काशी से लेकर महाकाल लोक तक काम हो रहा है। पीएम ने कहा है की जो संकल्प करता है वह इतिहास बनाता है। इसीलिए बीजेपी ने जो संकल्प लिया उनपर आगे बढ़ते हुए भारत दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।
खजुराहो में काम करने का मौका मिला
मध्य प्रदेश के आकांक्षी जिलों के अंदर कार्यकर्ता काम कर परिवर्तन ला रहे हैं। न्यूट्रीशन सिस्टम में भी हमे आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करना है। कोलार की वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के सवाल पर वीडी शर्मा ने कहा, मेरा स्थायी पता वहीं का है। मैं अपने आपको धन्य मानता हूं कि मुझे बुंदेलखंड के क्षेत्र में खजुराहो जैसी लोकसभा में काम करने का मौका मिला।
मध्य प्रदेश में लागू होगा गुजरात मॉडल
शिवराज सिंह चौहान का नेतृत्व हमारी ताकत है। गुजरात की आंधी मध्य प्रदेश में चलेगी। मध्य प्रदेश में गुजरात मॉडल लागू होगा। हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट लाना है। गरीब योजनाओं की ताकत पर वोट बढ़ता है। विकास हमारी जीत का सबसे बड़ा आधार होगा। एंटी इनकम्बैसी वहां होती है जहां लोग काम नहीं करते।