
महाराष्ट्र के पंढरपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से मंगलावर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में मध्यप्रदेश के पांच मजदूरों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में दो बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
कैसे हुआ हादसा
ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी मजदूर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के कोलकी गांव के रहने वाले हैं। ग्राम कोलकी के पंचायत सचिव के अनुसार, गांव से करीब 50 से 60 मजदूर महाराष्ट्र के पंढरपुर और कर्नाटक गन्ना कटाई के लिए गए थे। गन्ना कटाई के बाद सभी ट्रैक्टर ट्रॉली से अपने गांव वापस लौट रहे थे। तभी अचनाक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई और यह हादसा हो गया। हादसे में दो महिलाएं, एक युवती और दो बच्चों की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया है।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में मरने वालों की पहचान हो गई है। मृतकों में रमता पति नेवल सिंह, प्रिया पिता नेवल सिंह, सुनीता पति राजीराम, अरविंद पिता राजीराम, सुरका पिता वेर सिंह शामिल हैं।