
मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में शुक्रवार को दो गुटों के बीच फायरिंग हुई है। दरअसल, गोला का मंदिर में 12वीं के छात्र अन्नी उर्फ रोहित पाल किसी कार्यक्रम में जाने के लिए खड़ा था, तभी अचानक वहां बीकॉम फर्स्ट ईयर का छात्र अमन यादव आया और उसने गोली चला दी। जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग हुई। इस दौरान दोनों छात्र गोली लगने से घायल हो गए हैं।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, शहर के गोला का मंदिर पिंटो पार्क शिव कॉलोनी निवासी अन्नी उर्फ रोहित पाल पुत्र हरीसिंह पाल 12वीं का छात्र है। जिसकी जड़ेरुआ गांव निवासी अमन यादव पुत्र नरेश यादव से इलाके में वर्चस्व को लेकर पुरानी लड़ाई चल रही है। अमन भी बीकॉम फर्स्ट ईयर का छात्र है। दोनों पर ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी दोनों पक्ष में झगड़ा हुआ था। तब अन्नी ने अमन यादव से पैर छूकर माफी मांगी थी। उसका आरोपियों ने वीडियो बना लिया था। जिसके बाद वह सभी उसी वीडियो को लेकर मजाक उड़ा रहे थे। जिस पर फिर से विवाद हो गया। शुक्रवार को हुए इस विवाद में दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें एक तरफ से अन्नी पाल तो दूसरी तरफ से अमन यादव घायल हुए हैं।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि एक छात्र के पेट में छर्रे व हाथ में गोली लगी है, जबकि दूसरे को पैर में गोली लगी है। इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है। फिलहाल, पुलिस ने अस्पताल में भर्ती घायलों के बयान के आधार पर दोनों पक्षों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।