भोपालमध्य प्रदेश

पीएम मोदी से लेकर मप्र के मंत्रियों तक तंज कसते रहे हैं कमलनाथ के करीबी सलूजा, जानें कहां से आई रिश्तों में कड़वाहट

भोपाल। नरेंद्र सलूजा (Narendra Saluja) कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ (Kamal nath) के करीबी नेताओं में से एक रहे हैं। अचानक सलूजा का भाजपा (BJP )में जाना चाैंकाता तो है, लेकिन सलूजा एक दिन में ही भाजपा में शामिल नहीं हो गए। हर एक मुद्दे को लेकर भाजपा और पीएम मोदी तक चुटीले अंदाज में हमला करने वाले सलूजा कुछ दिनों से शांत थे।

भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने अचानक सिख दंगों की बात उठाई। कमलनाथ पर सिख दंगों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने सिखों पर अत्याचार किया है। इसी साल जून में कांग्रेस में हुए बदलावों के बाद से वह पार्टी आलाकमान से नाराज थे। उन्होंने जून में एक चिट्‌ठी लिखकर पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। इसे कमलनाथ ने स्वीकार कर लिया था। बाद में कमलनाथ से चर्चा के बाद वे पुन: उनके साथ जुड़े और सरकार के खिलाफ चुटीले हमले किए।

महाकाल कॉरिडोर को लेकर भाजपा पर किया था हमला

सलूजा भाजपा पर चुटीले अंदाज में हमले करने के लिए जाने जाते हैं। महाकाल कॉरिडोर के शुभारंभ के मौके पर भी सलूजा ने भाजपा पर हमला करते हुए इस प्रोजेक्ट को हड़पने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा इसका पूरा श्रेय खुद लेने की कोशिश कर रही है, जबकि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने महाकाल कॉरिडोर का प्रस्ताव पास किया था।

5 नवंबर को कई ट्वीट में भाजपा को घेरा

5 नवंबर 2022 को एक ट्वीट कर उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा था। इसमें उन्होंने भाेपाल के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का नाली साफ करते हुए वीडियो पोस्ट कर लिखा था- भाजपा के मंत्रीगण-विधायक गण खुद अपनी सरकार को समय-समय पर आईना दिखाते रहते हैं… इसी दिन उन्होंने सुप्रिया श्रीनेता का एक ट्वीट रीट्वीट किया था- यह वीडियो पीएम मोदी द्वारा कृपाल परमार को फोन करने का था। 5 नवंबर को ही सलूजा ने एक ट्वीट कर चीतों को क्वारेंटाइन से निकालकर बड़े बाड़े में डालने के मामले पर वन मंत्री की चुटकी ली थी। उन्होंने लिखा था- सुना है नामीबिया से लाए गए चीतों को बाड़े में छोड़ने की जानकारी अधिकारियों ने वन मंत्री तक को नहीं दी।

7 नवंबर के बाद कमलनाथ का कोई ट्वीट नहीं किया रीट्वीट

नरेंद्र सलूजा अक्सर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के ट्वीट्स को रीट्वीट करते रहे हैं। 7 नवंबर को उन्होंने कमलनाथ के एक ट्वीट को रीट्वीट किया था। इसके बाद से उन्होंने कोई भी ट्वीट रीट्वीट नहीं किया। सलूजा के हाल के ट्वीट निजी हैं। इनमें राजनीतिक ट्वीट नहीं हैं। उन्होंने 8 नवंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र पहुंचने पर ट्वीट किया था।

कांग्रेस ने कहा- 13 नवंबर को निष्कासित कर दिया था

सलूजा के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस का एक पत्र सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें लिखा है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अनुचित और अपमानजनक बयानों के चलते सलूजा को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जा रहा है। इस पत्र पर 13 नवंबर की तारीख दर्ज है। इसमें कहा गया है कि सलूजा की गतिविधियां पार्टी विरोधी हैं। हालांकि, सलूजा के भाजपा में शामिल होने के बाद भी उनके ट्विटर हैंडल पर Media Coordinator – kamalnath ji ( Ex-CM) and Vice President , Media Department , MPCC लिखा था।

यह भी पढ़ें
Narendra Saluja Joins BJP: MP कांग्रेस को बड़ा झटका… कमलनाथ के करीबी नेता नरेंद्र सलूजा BJP में शामिल

 

संबंधित खबरें...

Back to top button