
कांग्रेस पार्टी में नए युग की शुरुआत हो गई है। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे आज आधिकारिक तौर पर पार्टी अध्यक्ष बन गए। AICC मुख्यालय दिल्ली में चुनाव अधिकारी मधुसूदन मिस्त्री ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस मौके पर सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कांग्रेस की तीन पीढ़ियों को किया नमन
शपथ के लिए AICC मुख्यालय पहुंचने से पहले खड़गे ने गांधीजी के साथ कांग्रेस की तीन पीढ़ियों को नमन किया। सबसे पहले उन्होंने राजघाट में गांधीजी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की समाधि पर गए।
राहत महसूस कर रही हूं: सोनिया गांधी
इस मौके पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने कहा कि खड़गे को अध्यक्ष पद की कमान सौंपकर वे राहत महसूस कर रही हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद के साथ ही आज जिम्मेदारियों से मुक्त हो गई हूं। आज काफी राहत महसूस कर रही हूं, अब खड़गे यह जिम्मेदारी संभालेंगे। सोनिया गांधी ने अपने सहयोग और समर्थन के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि पहले भी कांग्रेस पार्टी के सामने कई तरह की चुनौतियां आईं और पार्टी उनसे सफलतापूर्वक बाहर आई है।
खड़गे बोले- राहत नहीं मिलेगी
सोनिया गांधी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जब ये कहा कि खड़गे के अध्यक्ष बनने के बाद आज जिम्मेदारियों से मुक्त हो गई हूं, काफी राहत महसूस कर रही हूं। तब मंच पर ही बैठे मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी पीछे से कहा कि आपको राहत नहीं मिलेगी।
50% पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को दिए जाएंगे
अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले भाषण में खड़गे ने पार्टी में 50 फीसदी पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को देने का ऐलान किया। खड़गे ने कहा- उदयपुर अधिवेशन में पार्टी के 50% पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को दिए जाने के प्रस्ताव पर अमल किया जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले 65वें नेता हैं खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव के नतीजों में मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को 6825 वोट से हराया है। खड़गे को 7897 वोट मिले, वहीं थरूर को 1072 वोट ही मिल सके। वहीं अब खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले 65वें नेता बन गए हैं।