
ग्वालियर में सोमवार देर रात करीब 2 बजे एक तीन मंजिला मकान ढह गया। इमारत के मलबे में मकान मालिक दब गए। मकान मालिक डॉक्टर को रेस्क्यू कर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। मकान धराशायी होने की वजह उनके पड़ोसी के बेसमेंट की खुदाई कराई थी, जिसके कारण डॉक्टर के मकान की नींव कमजोर हो गई।
देर रात अचानक गिरी इमारत
जानकारी के मुताबिक, अलंकार होटल के पास अस्पताल रोड पर डॉ. अलोक नीखरा का 3 मंजिला मकान है। इनके पास ही नत्थीलाल बसंल का मकान बन रहा है। मकान बनने के लिए बेसमेंट का निर्माण कराया जा रहा था। बताया जाता है कि सोमवार को शाम को बेसमेंट में गिट्टी आदि डालकर पानी डाल दिया गया था। यह पानी पास के डॉक्टर के मकान की नींव में चला गया। रात में करीब पौने दो बजे अचानक भवन ढह गया। डॉ. नीखरा भी मकान में दब गए।
डॉक्टर को मलबे से बाहर निकाला
मकान गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग बाहर निकल आए। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस व निगम की टीमें मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। काफी मशक्कत के बाद डॉ. नीखरा को मलबे से बाहर निकाला गया और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस व निगम अब मामले की जांच कर रहा है।
बाहर घूमने गया था परिवार
घटना के समय डॉ. अलोक नीखरा मकान में अकेले ही थे। उनकी पत्नी व बच्चे दो दिन पहले ही झांसी गए थे। झांसी में डॉ. नीखरा की ससुराल है। इसलिए ये सभी लोग भवन की चपेट में आने से बच गए।