
मप्र के खरगोन में सरपंच पद की महिला उम्मीदवार की डूबने से मौत हो गई। नदी में नहाने के दौरान ये हादसा हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने महिला को बाहर निकाला। सनावद अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, प्रत्याशी की मौत के बाद निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव स्थगित कर दिया है।
नहाते समय डूबीं महिला
जानकारी के मुताबिक, खरगोन जिले की ग्राम पंचायत टोकसर की रहने वाली पिंकी केवट(30) पति अशोक केवट टोकसर से सरपंच पद की उम्मीदवार भी थीं। महिला के पति अशोक ने बताया कि प्रतिदिन की तरह शनिवार को नहाने के लिए नर्मदा नदी पर गई थी। नहाते समय वह डूबने लगी। महिला को डूबता देख आसपास के लोगों ने नाविकों को सहायता के लिए बुलाया। लेकिन, नाविक जब तक उनके पास पहुंचे तब तक महिला डूब चुकी थीं।
परिजनों को सौंपा शव
नाविकों ने उसे बाहर निकाला। इसके बाद उसे सिविल अस्पताल सनावद ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। सरपंच पद की महिला उम्मीदवार की मौत की खबर रिटर्निंग अधिकारी तक भी पहुंच गई।
ये भी पढ़ें: MP Panchayat Chunav 2022 : सचिव की तीन पत्नियां चुनावी रण में… प्रचार के दबाव में पति ने छोड़ा घर और गांव
सरपंच पद का चुनाव स्थगित
इधर, महिला प्रत्याशी की मौत के बाद रिटर्निंग अधिकारी शिवराम कनासे ने जानकारी देते हुए बताया कि टोकसर में सरपंच पद के 2 उम्मीदवार थे। जहां एक की मौत होने से एक ही उम्मीदवार शेष रह गया है। इसलिए यहां सरपंच पद के चुनाव स्थगित हैं। निर्वाचन आयोग से निर्देश आने पर आगामी दिनों में यहां चुनाव प्रक्रिया दोबारा होगी। लेकिन, शेष सभी चुनाव जारी रहेंगे।
ये भी पढ़ें: MP Panchayat Chunav 2022 : तीन पत्नियों का चुनाव लड़ना पति को पड़ा भारी, सचिव हो गए सस्पेंड