राष्ट्रीय

CM भगवंत मान का एक्शन: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय सिंगला को किया बर्खास्त, 1% कमिशन के चक्कर में गई कुर्सी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार विरोधी मॉडल के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सीएम मान ने अपनी ही सरकार के मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया है। इसके साथ ही पंजाब पुलिस को उनके खिलाफ केस दर्ज करने के भी निर्देश दिए हैं।

1% कमीशन की वजह से गई कुर्सी

जानकारी के मुताबिक, पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे विजय सिंगला स्वास्थ्य विभाग में हर काम और टेंडर के बदले 1% कमीशन मांग रहे थे। जिसकी शिकायत सीएम मान तक पहुंचने के बाद गुपचुप तरीके से जांच कराई गई। जांच में भ्रष्टाचार के सबूत मिलने के बाद उन्हें बर्खास्त किया गया। जानकारी के मुताबिक, मंत्री ने अपनी गलती भी मान ली है।

देश के इतिहास में दूसरी बार ऐसा हुआ

देश के इतिहास में दूसरी बार एक मुख्यमंत्री ने सीधे अपने मंत्री पर कड़ी कार्रवाई की है। भगवंत मान ने कहा कि जनता ने बहुत उम्मीदों से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई है, उस उम्मीद पर खरा उतरना हमारा कर्तव्य है। मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने वचन लिया था कि भ्रष्टाचार के सिस्टम को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे, हम सब उनके सिपाही हैं। 2015 में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने एक मंत्री को भ्रष्टाचार के मामले में बर्खास्त किया था। आज देश में ऐसा दूसरी बार हो रहा है।

10 साल पहले पार्टी में हुए थे शामिल

डॉ. विजय सिंगला करीब 10 साल पहले ही आम आदमी पार्टी में शामिल हुए और इस बार उन्हें मानसा विधानसभा से आप ने टिकट दी। डॉ. सिंगला ने मानसा से कांग्रेस के प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला को 60 हजार से अधिक वोटों से हराया था।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button