ताजा खबरराष्ट्रीय

एअर इंडिया में गड़बड़ी : एक के बाद एक Air India की 7 इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल, हादसे के बाद ऑपरेशंस पर असर

मुंबई/कोलकाता। अहमदाबाद में 12 जून को हुए भीषण एअर इंडिया विमान हादसे के बाद से एयरलाइन की इंटरनेशनल उड़ानों में लगातार बाधाएं सामने आ रही हैं। मंगलवार को तकनीकी खराबी और अन्य कारणों से एअर इंडिया की 7 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

रद्द की गई उड़ानों में अहमदाबाद-लंदन, दिल्ली-पेरिस, दिल्ली-वियना, लंदन-अमृतसर, दिल्ली-दुबई, बेंगलुरु-लंदन जैसी प्रमुख रूट शामिल हैं। इसके अलावा सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट AI 180 को भी तकनीकी कारणों से कोलकाता में लैंड कराना पड़ा और यात्रियों को वहीं उतारना पड़ा।

हादसे के बाद शुरू हुई नई फ्लाइट दूसरी बार टली

12 जून को AI 171 फ्लाइट अहमदाबाद से लंदन जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें 270 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद इस रूट पर नई उड़ान AI 159 शुरू की गई, लेकिन यह फ्लाइट मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी उड़ान नहीं भर सकी।

ये सात उड़ाने हुईं रद्द

  1. AI915 – दिल्ली से दुबई – बोइंग 788 ड्रीमलाइनर
  2. AI153 – दिल्ली से विएना – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
  3. AI143 – दिल्ली से पेरिस – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
  4. AI159 – अहमदाबाद से लंदन – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
  5. AI170 – लंदन से अमृतसर – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
  6. AI133 – बंगलूरू से लंदन – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
  7. AI179 – मुंबई से सैन फ्रांसिस्को – बोइंग 777

यात्रियों को कोलकाता में उतारा गया

सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट AI 180 को सोमवार रात कोलकाता एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के कारण आपात हॉल्ट करना पड़ा। फ्लाइट के बाएं इंजन में खराबी के कारण यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता में प्लेन से उतारा गया। फ्लाइट बोइंग 777-200LR थी, जो रात 12:45 बजे कोलकाता पहुंची और 2:00 बजे मुंबई रवाना होनी थी, लेकिन 5:20 बजे यात्रियों से विमान छोड़ने की घोषणा की गई।

डीजीसीए की सख्ती बढ़ी, 6 स्टेज सिक्योरिटी चेक का आदेश

एअर इंडिया के लगातार हो रहे ऑपरेशन फेल्योर के पीछे कारण माने जा रहे हैं डीजीसीए (DGCA) की नई सख्त गाइडलाइंस, जिनमें विशेष रूप से बोइंग ड्रीमलाइनर विमानों की 6-स्तरीय सुरक्षा जांच के आदेश दिए गए हैं। इससे एयरलाइन के रोज़मर्रा के ऑपरेशंस पर सीधा असर पड़ा है और यात्रियों को उड़ानों के रद्द होने, देरी और री-रूटिंग जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।

यात्रियों में आक्रोश और चिंता

रद्द की गई फ्लाइट्स से हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है। टिकट कैंसलेशन, रिफंड और री-शेड्यूलिंग को लेकर यात्रियों में भारी नाराजगी और चिंता देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर कई यात्रियों ने एअर इंडिया की सेवाओं पर सवाल उठाए हैं। अहमदाबाद हादसे के बाद सरकार ने सभी इंटरनेशनल रूट्स पर विशेष निगरानी का निर्देश दिया है।

संबंधित खबरें...

Back to top button