ताजा खबरराष्ट्रीय

ऑफिस का टॉक्सिक वर्क कल्चर, Ola Krutrim के इंजीनियर ने किया सुसाइड, बेंगलुरु की झील में मिला था शव, सोशल मीडिया पोस्ट में वर्क प्रेशर को बताया कारण

बेंगलुरु। Ola की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यूनिट Ola Krutrim एक बार फिर विवादों में आ गई है। इस बार वजह है कंपनी के एक युवा इंजीनियर निखिल सोमवंशी की आत्महत्या। बेंगलुरु की अगरा झील में 8 मई को उनका शव मिला। सोशल मीडिया पर एक Reddit पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया गया है कि निखिल ने टॉक्सिक वर्क कल्चर और अत्यधिक वर्कलोड से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।

Reddit पोस्ट में उठाए गए गंभीर आरोप

एक अनाम Reddit यूजर ने बताया कि निखिल एक प्रोजेक्ट को तीन लोगों के साथ लीड कर रहे थे, लेकिन अन्य दो लोगों के इस्तीफे के बाद उन पर सारा भार आ गया। पोस्ट में यह भी कहा गया कि उनका मैनेजर राज किरण, अमेरिका में रहते हैं और भारत में मौजूद टीम के साथ उनका व्यवहार अपमानजनक था। ‘राज किरण सिर्फ कॉल अटेंड करते थे, डांटते थे और फिर गायब हो जाते थे। खासकर नए कर्मचारियों के साथ उनके व्यवहार के शब्द दर्दनाक थे।’

यूजर ने कहा कि टीम के अन्य लोग भी कह रहे हैं कि अगर यही माहौल रहा, तो वे भी निखिल जैसा कदम उठा सकते हैं। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि कंपनी खबर को दबाने की कोशिश कर रही है।

Ola Krutrim ने बयान में क्या कहा

Ola Krutrim ने एक बयान में कहा, “हम 8 मई को अपने सबसे प्रतिभाशाली कर्मचारियों में से एक निखिल की दुखद मौत से बेहद दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रियजनों के साथ हैं।” कंपनी ने यह स्पष्ट किया कि निखिल निजी अवकाश पर थे। उन्होंने 8 अप्रैल को अपने मैनेजर से छुट्टी मांगी थी और बाद में 17 अप्रैल को और अवकाश बढ़वाया। Ola Krutrim ने कहा कि वे परिवार को पूर्ण सहयोग दे रहे हैं और प्रशासन से समन्वय में हैं।

निखिल सोमवंशी कौन थे?

निखिल सोमवंशी ने भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु से मास्टर डिग्री प्राप्त की थी। अगस्त 2024 में वे Ola Krutrim में बतौर मशीन लर्निंग इंजीनियर शामिल हुए थे। उनके सहपाठियों और पूर्व साथियों के अनुसार, वे 9.3 GPA के साथ एक अत्यंत मेधावी छात्र थे।

पुलिस ने दर्ज की FIR

बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी पर सीधे तौर पर आरोप नहीं तय किए गए हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उठी आवाज़ों के कारण कंपनी की कार्यसंस्कृति जांच के दायरे में आ गई है।

संबंधित खबरें...

Back to top button