
नई दिल्ली। पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव और हालिया सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करने वाले हैं। जैसे ही यह घोषणा सामने आई, पूरे देश की नजरें एक बार फिर टेलीविजन और मोबाइल स्क्रीन की ओर टिक गई हैं। वजह? रात 8 बजे मोदी का संबोधन कभी मामूली नहीं होता- ये अक्सर इतिहास बदलने वाले फैसलों से जुड़ा होता है।
जब-जब मोदी बोले रात 8 बजे… देश में कुछ बड़ा हुआ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संदेशों की टाइमिंग ने हमेशा देश को चौंकाया है- चाहे वो नोटबंदी हो, कोरोना लॉकडाउन, या फिर अनुच्छेद 370 हटाने का ऐलान। आइए उन अहम लम्हों पर नजर डालते हैं जब रात 8 बजे देश की दिशा बदल गई।
8 नवंबर 2016 – नोटबंदी का ऐलान
मोदी ने ऐलान किया कि 500 और 1000 के नोट अवैध हो गए हैं। पूरा देश चौंक गया, एटीएम की कतारों में लग गया।
19 मार्च 2020 – जनता कर्फ्यू
पीएम मोदी ने बढ़ते कोविड के बीच ‘जनता कर्फ्यू’ और कोरोना योद्धाओं के सम्मान की अपील।
24 मार्च 2020 – लॉकडाउन 1.0
कोरोना के खतरे को देखते हुए पूरे भारत में 21 दिन का लॉकडाउन घोषित किया गया। एक ऐतिहासिक पल जिसने जीवनशैली ही बदल दी।
27 मार्च 2019 – मिशन शक्ति की सफलता
भारत ने अंतरिक्ष में सैटेलाइट मार गिराने की तकनीक हासिल की। यह ऐलान भी अचानक और ऐतिहासिक था।
12 मई 2020 – 20 लाख करोड़ का पैकेज
आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत 20 लाख करोड़ रुपए के पैकेज की घोषणा।
22 अक्टूबर 2021 – वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड
भारत में 1 अरब कोविड वैक्सीनेशन का आंकड़ा पार होने के बाद देश को संबोधित किया।
19 नवंबर 2021 – कृषि कानून वापसी
तीन विवादित कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा कर मोदी ने आंदोलनरत किसानों को बड़ा तोहफा दिया।
25 दिसंबर 2021 – वैक्सीनेशन का सरप्राइज गिफ्ट
क्रिसमस की रात मोदी ने 15 से 18 साल के बच्चों के लिए वैक्सीन और हेल्थ वर्कर्स को बूस्टर डोज़ देने का ऐलान किया।
9 नवंबर 2019 – अयोध्या फैसले पर अपील
अयोध्या फैसले पर राष्ट्र को संबोधित कर शांति बनाए रखने की अपील की।
8 अगस्त 2019 – अनुच्छेद 370 पर
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले का समर्थन करते हुए पीएम मोदी ने संबोधित किया।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार बोलेंगे पीएम
इस बार पीएम मोदी का संबोधन और भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहली बार हो रहा है। इस सैन्य कार्रवाई में भारत ने PoK और पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला किया, जिसके बाद दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम हुआ है। अब सवाल है कि क्या मोदी इस पर बड़ा ऐलान करने जा रहे हैं?
क्या हो सकता है संबोधन में?
सूत्रों के मुताबिक, मोदी निम्नलिखित मुद्दों पर बोल सकते हैं…
- ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और अगली रणनीति
- पाकिस्तान के साथ तनाव पर सरकार की नीति
- राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य तैयारी
- देशवासियों से एकजुटता की अपील