
नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, तो वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के लिए विस्तृत चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और गुजरात में अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।
कई क्षेत्रों में तापमान की बढ़ोतरी
ओडिशा के झारसुगुड़ा और बौध में तापमान 44 डिग्री पार पहुंचा। वहीं महाराष्ट्र के परभणी और यूपी के कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, हमीरपुर और गाजीपुर में भी पारा 44 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।
बिहार के गया, औरंगाबाद और देहरी में भी तापमान ने 44 डिग्री का आंकड़ा पार किया। राजस्थान के 16 शहरों में पारा 40 डिग्री से ज्यादा रहा। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। साथ ही अगले दिनों में दिल्ली में बादल छाने का अनुमान है, लेकिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना बनी हुई है
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, और दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 28 अप्रैल को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, केरल, कर्नाटक और बंगाल में भारी बारिश हो सकती है। वहीं ओडिशा और छत्तीसगढ़ में ओले गिरने की संभावना है
इसके साथ 29 अप्रैल को भी केरल, कर्नाटक, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। वहीं 30 अप्रैल को ओडिशा और केरल में तेज बारिश और कर्नाटक, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है
अगले तीन दिनों का मौसम
- 28 अप्रैल: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्यप्रदेश में हीटवेव का अलर्ट। राजस्थान में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।
- 29 अप्रैल: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में लू का असर बना रहेगा।
- 30 अप्रैल: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और मध्यप्रदेश में हीटवेव जारी रहेगी। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात और छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी पड़ेगी।
ये भी पढ़ें- मंदसौर में हादसा : बाइक को टक्कर मारकर वैन कुएं में गिरी, 5 की मौत की खबर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी