इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

देवास मंदिर विवाद : विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला ने साथियों संग किया सरेंडर, पुजारी से मांगी माफी; छुए पैर

इंदौर/देवास। देवास की प्रसिद्ध चामुंडा माता टेकरी मंदिर में आधी रात हुए विवाद के बाद अब पूरा मामला सियासी रंग ले चुका है। इंदौर-3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला ने मंगलवार (15 अप्रैल) को चार साथियों के साथ थाने में सरेंडर किया और जमानत पर रिहा होकर सीधे मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर के पुजारी से माफी मांगी। विवाद की शुरुआत मंदिर के पट खोलने को लेकर हुई थी।

सरेंडर के बाद मंदिर पहुंचकर मांगी माफी

मंगलवार (15 अप्रैल) को रुद्राक्ष शुक्ला और उनके चार साथी- अनिरुद्ध पंवार, अमन शुक्ला, लोकेश चांदवानी और मनीष तेजवानी कोतवाली थाने पहुंचे और सरेंडर किया। पुलिस ने निजी मुचलके पर उन्हें जमानत दी। इसके बाद रुद्राक्ष सीधा माता टेकरी पहुंचे, उन्होंने टेकरी पर मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा देवी के दर्शन किए। जिसके बाद रुद्राक्ष ने मुख्य पुजारी दामूनाथ को दंडवत प्रणाम किया और फिर पुजारी महेशनाथ के बेटे उपदेशनाथ के पैर छूकर माफी मांगी। मंदिर में ही शॉल ओढ़ाकर पिता-पुत्र का सम्मान किया गया। इसके साथ ही सभी पुजारियों को भोजन पर इंदौर में आमंत्रित किया।

क्या है पूरा मामला

11 अप्रैल की रात करीब 12 बजे भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला अपने 30 से अधिक साथियों के साथ दर्जनभर गाड़ियों के काफिले में देवास की माता चामुंडा टेकरी पहुंचे थे। मंदिर बंद हो चुका था, लेकिन आरोप है कि इन्होंने पुजारी से जबरन पट खोलने की मांग की।

पुजारी के मना करने पर विवाद हो गया। पुजारी के बेटे उपदेशनाथ से मारपीट और धमकी देने के आरोप लगे। मामला थाने तक पहुंचा और वीडियो फुटेज भी सामने आया।

पुजारी परिवार ने बदला बयान

मंदिर के पुजारी अशोकनाथ ने पहले रुद्राक्ष पर आरोप लगाए थे लेकिन बाद में बयान बदलते हुए कहा कि, रुद्राक्ष वहां मौजूद थे लेकिन उन्होंने न पट खोलने की मांग की, न ही किसी से बदसलूकी की। पूरा विवाद जीतू रघुवंशी ने किया, जिसने मेरे बेटे का कान पकड़ा और गाली-गलौज की। उन्होंने यह भी कहा कि, पुलिस की कार्रवाई से वे संतुष्ट हैं और उनके ऊपर कोई दबाव नहीं है।

9 लोगों पर केस, चार गाड़ियां जब्त

देवास पुलिस ने रुद्राक्ष सहित 9 आरोपियों पर केस दर्ज किया है। इनके नाम हैं- अमन शुक्ला, हनी, लोकेश चंदवानी, मनीष तेजवानी, अनिरुद्ध पंवार, जीतू रघुवंशी, प्रशांत और सचिन। पुलिस ने 4 गाड़ियां जब्त की हैं, जिनमें से एक गाड़ी टेकरी तक जाती वीडियो में नजर आई है।

राजनीतिक बयानबाजी भी तेज

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस नेता सज्जन वर्मा ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि, प्रशासन बीजेपी विधायक के बेटे को बचा रहा है। उन्होंने कहा, शराब के नशे में आधी रात मंदिर के पट खुलवाए गए। यह धर्म का अपमान है।

सज्जन वर्मा ने रुद्राक्ष और उसके साथियों को ‘हिंदू औरंगजेब’ बताया और कहा- ये कलयुग के आतताई हैं जो भगवान की निद्रा में खलल डाल रहे हैं।

कांग्रेस ने धोए पुजारी के पैर

विवाद के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुजारी के पैर धोकर माफी मांगी। पुजारियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए कानून बनाने की मांग उठाई। इंदौर पुजारी संघ ने आरोपी से माफी की मांग की थी।

ये भी पढ़ें- देवास मंदिर विवाद में नया मोड़, पुजारी ने बदला बयान, विधायक पुत्र को बताया निर्दोष, 7 पर केस दर्ज

संबंधित खबरें...

Back to top button