
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे कल यानी शनिवार को जारी होंगे। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी। अनुमान है कि दोपहर तक यह साफ हो जाएगा कि दोनों राज्यों में किसकी सरकार बनने जा रही है। एग्जिट पोल्स में महाराष्ट्र में महायुति (NDA) सरकार की वापसी के संकेत मिले हैं, लेकिन झारखंड में JMM (इंडिया ब्लॉक) और एनडीए के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। इन दो राज्यों को विधानसभा परिणामों के साथ ही मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, केरल, उत्तराखंड और राजस्थान में हुए उपचुनाव की मतगणना भी 23 नवंबर को होगी।
क्या कहते हैं एक्जिट पोल
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति में शामिल बीजेपी ने 149 सीट पर चुनाव लड़ा है, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 81 सीट पर और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी 59 सीट पर चुनाव लड़ी है।
वहीं, एमवीए में शामिल कांग्रेस ने 101 सीटों पर, शिवसेना (UBT) 95 पर और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) 86 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) सहित छोटी पार्टियां ने भी अपने उम्मीदवार उतारे थे।
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को सभी 288 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था। वहीं, झारखंड विधानसभा चुनाव के अंतिम और दूसरे फेज में 12 जिलों की 38 सीटों पर वोटिंग हुई थी। वहीं, पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों पर वोट डाले गए थे।
क्या कहते हैं झारखंड के समीकरण
झारखंड में विधानसभा की कुल 81 सीटें हैं। झारखंड में मुकाबला NDA (भाजपा-एजेएसयू) और इंडिया ब्लॉक (झामुमो-कांग्रेस) के बीच है। भाजपा ने सत्ता हासिल करने के लिए कई वादे किए हैं, वहीं हेमंत सोरेन सरकार अपनी सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है।
मुख्यमंत्री को लेकर शुरू हुई खींचतान
महाराष्ट्र में दोनों गठबंधनों के घटक दलों ने अपनी जीत की बात कही है और मुख्यमंत्री पद के लिए अपना-अपना दावा ठोका है। चुनाव परिणाम आने से पहले ही शुक्रवार को सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान शुरू हो गई है।
राजस्थान के 7 सीटों पर हुए उपचुनाव के भी परिणाम
राजस्थान की सात विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को हुए उपचुनावों के रिजल्ट 23 नवंबर को आएंगे। प्रदेश के 7 जिला मुख्यालयों झुंझुनूं, अलवर, दौसा, टोंक, नागौर, उदयपुर और डूंगरपुर पर सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। बता दें, पांच सीटों पर विधायकों के सांसद बनने और दो पर विधायकों के निधन की वजह से उपचुनाव हुए हैं।
मध्य प्रदेश के दो सीटों पर हुए उपचुनाव
मध्य प्रदेश की बुधनी ओर विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए। इन दोनों सिटों पर 13 नवम्बर को वोटिंग हुई। इसके परिणाम भी 23 नवंबर को जारी किए जाएंगे। बुधनी विधानसभा सीट मध्य प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीट मानी जाती है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां से 5 बार विधायक चुने गए। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में जीतकर सांसद बनने के बाद शिवराज ने इस्तीफा दे दिया था। उनकी जगह उपचुनाव में बीजेपी ने रमाकांत भार्गव को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि, कांग्रेस ने राजकुमार पटेल पर विश्वास जताया है।
उत्तर प्रदेश के 9 सीटों पर हुआ उपचुनाव
उत्तर प्रदेश में नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए। राज्य की मीरापुर (मुजफ्फरनगर), कुन्दरकी (मुरादाबाद), गाजियाबाद, खैर (अलीगढ), करहल (मैनपुरी), सीसामऊ (कानपुर नगर), फूलपुर (प्रयागराज), कटेहरी (अंबेडकरनगर) और मझवां (मिर्जापुर) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ था। इसके रिजल्ट भी 23 नवंबर को जारी किए जाएंगे।
पंजाब के 4 सीटों पर हुए उपचुनाव
पंजाब में 4 विधानसभा सीटों बरनाला, डेरा बाबा नानक, चब्बेवाल और गिद्दड़बाहा पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान हुआ। इसके नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। मतों की गणना के लिए चारों सीटों के 4 सेंटर बनाए गए हैं।
उत्तराखंड और केरल की एक-एक सीट पर हुआ उपचुनाव
उत्तराखंड में केदारनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ। जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी कांग्रेस का सीधा मुकाबला है। भाजपा के सामने जहां इस सीट पर जीत को बरकरार रखने की चुनौती है, वहीं कांग्रेस बद्रीनाथ के बाद केदारनाथ में भाजपा को फिर पटखनी देने के मूड में है।
इसके अलावा, केरल की पलक्कड़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ है। निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस विधायक शफी परमबिल के वडकारा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद इस उपचुनाव की आवश्यकता उत्पन्न हुई।
कहां देखें चुनाव रिजल्ट
महाराष्ट्र और झारखंड समेत मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, केरल, उत्तराखंड और राजस्थान में उपचुनाव के रिजल्ट को चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट results.eci.gov.in पर देख सकते हैं।
ये भी पढ़ें- US Embassy : लंदन में अमेरिकी दूतावास के बाहर जोरदार धमाका, संदिग्ध पैकेज की जांच, पुलिस ने की घेराबंदी