
पुष्पेन्द्र सिंह-भोपाल। सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए भाजपा का जोर है। बावजूद, कई मंत्री और राज्यमंत्री सक्रिय नहीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंस्टाग्राम में 9.52 लाख और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय फेसबुक पर 10.2 लाख फॉलोअर्स के साथ सबसे आगे हैं। हालांकि एक्स पर उनके 20 लाख फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर 5.67 लाख फॉलोअर्स के साथ डॉ. मोहन यादव दूसरे नंबर पर है। एक्स पर सीएम को 3.76 लाख फॉलो करते हैं लेकिन सीएम पद के हैंडल पर उनके 20 लाख फॉलोअर्स हैं। मंत्री नागर सिंह चौहान के एक्स पर सिर्फ 46 फॉलोअर्स हैं। विजयवर्गीय पहले ऐसे प्रदेश के मंत्री हैं जिनके नाम से सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर सर्वाधिक फॉलोअर्स हैं।
इन मंत्रियों के बढ़े समर्थक
जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के वर्ष 2021 में ट्विटर पर 90 हजार फॉलोअर्स थे। अब एक्स पर उनके फॉलोअर्स की संख्या दो लाख से अधिक हो गई। मंत्री विश्वास सारंग, गोविंद राजपूत और प्रद्युम्न सिंह तोमर के भी फॉलोअर्स दोगुने हो गए हैं।
ये मंत्री एक्स पर सक्रिय नहीं
डॉ. मोहन मंत्रिमंडल में ऐसे भी मंत्री हैं जो सीनियर होकर भी सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों में कम सक्रिय हैं। इनमें राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के एक्स पर सिर्फ 1,104 फॉलोअर्स हैं जबकि फेसबुक में 15 हजार हैं।
पीछे रहने वालों में कुंवर विजय शाह के एक्स पर 4,583 फॉलोअर्स, फेसबुक में महज 1600 फ्रेंड और इंस्टाग्राम में 3,636 फॉलोअर्स हैं। मंत्री निर्मला भूरिया, नागर सिंह चौहान, चेतन काश्यप, राकेश शुक्ला, गौतम टेटवाल, लखन पटेल, प्रतिमा बागरी, दिलीप अहिरवार और राधा सिंह के एक्स पर कम से कम 46 और अधिकतम 6 हजार फॉलोअर्स हैं।
कांग्रेस में दिग्विजय एफबी तो कमलनाथ एक्स पर आगे : कांग्रेस में फेसबुक पर सबसे ज्यादा 15 लाख फॉलोअर्स दिग्विजय सिंह के हैं। एक्स पर ये संख्या 13 लाख है। कमलनाथ के एफबी में 10 लाख और एक्स से 15 लाख फालोअर्स जुड़े है। पीसीसी चीफ पटवारी के एफबी पर फालोअर्स 9.8 लाख हैं।