ताजा खबरराष्ट्रीय

बीजापुर-सुकमा बॉर्डर पर नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट, पुलिस फोर्स के ट्रक को उड़ाया, 2 जवान शहीद

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर बॉर्डर पर रविवार (23 जून) को नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सिलगेर और टेकलगुडम के बीच नक्सलियों ने पुलिस फोर्स के ट्रक को IED ब्लास्ट कर उड़ा दिया। इस ब्लास्ट में दो जवान शहीद हुए हैं। दोपहर करीब 3 बजे की घटना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना उस वक्त हुई जब जवान राशन लेकर कैंप जा रहे थे। रास्ते में नक्सलियों ने नक्सलियों ने IED प्लांट कर रखा था। जैसे ही जवानों से भरा ट्रक वहां से निकला, IED की चपेट में आ गया। ब्लास्ट में ट्रक का चालक जवान विष्णु आर और सह चालक जवान शैलेंद्र शहीद हुए हैं। टेकलगुडम और इससे आगे का पूवर्ती इलाका नक्सली कमांडर हिड़मा और देवा का गढ़ है। कुछ ही महीने पहले यहां सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित किया गया है।

आज की अन्य खबरें…

महाराष्ट्र के पुणे में हादसा, बेकाबू होकर बस पेड़ से टकराई, 25 यात्री घायल

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में रविवार को हादसा हो गया। ट्रक से बचने की कोशिश में राज्य परिवहन की बस बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 25 यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना दौंड तहसील के यवत के पास सहजपुर गांव में उस समय हुई, जब बस सोलापुर जिले में पंढरपुर से मुंबई जा रही थी। यवत थाने के निरीक्षक नारायण देशमुख ने बताया कि, रास्ते में अचानक एक ट्रक रुक गया और टक्कर से बचने के लिए चालक ने बस को मोड़ दिया, लेकिन बस सड़क किनारे पेड़ से टक्कर हो गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों में तीन से चार लोगों को गंभीर चोट आई हैं। जिन्हें इलाज के लिए लोनी कालभोर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ईटानगर में बादल फटने से भूस्खलन, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में रविवार को बादल फटने से कई जगहों पर भूस्खलन हुआ और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि आज बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं किया गया था। आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 10 बजे बादल फटने की घटना के बाद ईटानगर के कई इलाकों में और उसके आसपास के इलाकों से भूस्खलन की खबरें हैं। वहीं, नेशनल हाईवे 415 के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राज्य की राजधानी के लोगों की जीवनरेखा माने जाने वाले हाईवे पर कई वाहन फंसे हुए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से नदियों के किनारे और भूस्खलन के खतरे वाले क्षेत्रों में न जाने को कहा है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के मद्देनजर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने 7 स्थानों पर राहत शिविर लगाए हैं।

कन्नौज में भीषण हादसा, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से नीचे गिरी बस, 25 यात्री घायल, 14 की हालत गंभीर

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सवारियों से भरी डबल डेकर लग्जरी बस अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसे में 25 यात्री घायल हुए, जिनमें से 14 की हालत गंभीर बनी हुई है। बस जौनपुर से दिल्ली जा रही थी। घटना सुबह करीब 4 बजे की है। सूचना मिलने पर छिबरामऊ सीओ ओमकार नाथ शर्मा पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल लोगों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जबकि, बाकी लोगों को सीएचसी सौरिख में भर्ती कराया। हादसे के समय बस में कुल 45 लोग सवार थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चालक को झपकी आने से हादसा हुआ है।

घायलों में जंग बहादुर पुत्र कंचन राम यादव (52) निवासी ग्राम मुलनापुर थाना बदलापुर जिला जौनपुर, लकी बिंद पुत्र यशवंत बिंद (18) निवासी ग्राम रसड़ा थाना बरदह जिला आजमगढ़, इशिका पुत्री पंकज कुमार (8) निवासी शिशवा रामपुर थाना बेताना जिला अंबेडकरनगर, सत्यम पत्नी पंकज कुमार (33) वर्ष निवासी शिशवा रामपुर थाना बेताना जिला अंबेडकरनगर, आराधना पुत्री कृपा शंकर (26) निवासी पार्वती कॉलोनी फरीदाबाद हरियाणा, फरहान पुत्र कल्बे आबिद उमर (25) निवासी कायामुद्दीनपुर शेखपुरा थाना अकबरपुर अम्बेडकर नगर, काजल तिवारी पुत्री राहुल तिवारी (26) निवासी तिवारीपुर थाना रामपुर जिला जौनपुर, राहुल तिवारी पुत्र विजय तिवारी (29) निवासी तिवारीपुर थाना रामपुर जिला जौनपुर, राघव तिवारी पुत्र राघवेंद्र तिवारी (9 माह) निवासी तिवारीपुर थाना रामपुर जिला जौनपुर, इला द्विवेदी पुत्री राघवेंद्र प्रसाद (24) निवासी ऊंचगांव थाना धमोर जिला सुल्तानपुर, विकास मौर्य पुत्र रमेश चंद्र मौर्य (24) निवासी रामदासपुर निवादा थाना लाइन बाजार जिला जौनपुर, पूर्णिमा मौर्य पत्नी सुनील कुमार मौर्य (26) निवासी बरसठी थाना बरसठी जिला जौनपुर, शिवम पुत्र राधेगोपाल (24) निवासी पार्वती कॉलोनी फरीदाबाद हरियाणा, अनीता सिंह पुत्री राघवेंद्र सिंह (23) निवासी जलालपुर जिला जौनपुर शामिल हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button