नई दिल्ली। माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने कंपनी के CEO पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद कंपनी के बोर्ड ने मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) पराग अग्रवाल को कंपनी का नया सीईओ नियुक्त करने का एलान किया है। उन्होंने 10 साल पहले कंपनी जॉइन की थी। 37 साल के पराग ने एक ट्वीट कर जैक डोर्सी और कंपनी की पूरी टीम को धन्यवाद कहा है।
डोर्सी को पराग पर है विश्वास
डोर्सी ने एक बयान में कहा, मैंने ट्विटर को छोड़ने का फैसला लिया है क्योंकि मेरा मानना है कि कंपनी अब अपने संस्थापकों से आगे बढ़ने के लिए तैयार है। अग्रवाल को लेकर डोर्सी ने कहा कि मुझे सीईओ के तौर पर पराग पर विश्वास है। पिछले 10 वर्षों में यहां उनका काम बेहद शानदार रहा है।
Deep gratitude for @jack and our entire team, and so much excitement for the future. Here’s the note I sent to the company. Thank you all for your trust and support 💙 https://t.co/eNatG1dqH6 pic.twitter.com/liJmTbpYs1
— Parag Agrawal (@paraga) November 29, 2021
टॉप कंपनियों के सबसे युवा CEO बने पराग
पराग अब दुनिया की टॉप 500 कंपनियों के सबसे युवा CEO बन गए हैं। ट्विटर ने उनकी डेट ऑफ बर्थ जाहिर नहीं की है। लेकिन यह बताया है कि उनका जन्म 1984 में हुआ था। IIT बॉम्बे से पढ़ाई करने वाले पराग अग्रवाल स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट भी हैं। ट्विटर से पहले वो Microsoft, AT&T और Yahoo के साथ काम कर चुके हैं। इन तीनों ही कंपनी में उनका काम रिसर्च-ओरिएंटेड था। पराग ने साल 2011 में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में ट्विटर जॉइन किया था। बाद में वे कंपनी के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर बन गए।
बोर्ड को पराग में भरोसा
ट्विटर के होने वाले इंडीपेन्डेंट बोर्ड चेयरमैन Bret Taylor ने कहा कि, ‘पराग ट्विटर को समझते हैं और कंपनी की विशिष्ट संभावनाओं की कद्र करते हैं। हमारी सबसे अहम प्राथमिकताओं को निभाने में उनकी भूमिका अहम रही है और मैं यह जानता हूं कि वह क्रियान्यवन को मजबूत करने और नतीजे देने में कमाल करेंगे। बोर्ड को पराग में काफी भरोसा है।’
not sure anyone has heard but,
I resigned from Twitter pic.twitter.com/G5tUkSSxkl
— jack (@jack) November 29, 2021
गूगल, माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब ट्विटर
दुनिया की कई बड़ी कंपनियों में भारतीय मूल के CEO हैं। गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट में सुंदर पिचई, अडोब में शांतनु नारायण, माइक्रोसॉफ्ट में सत्या नडेला, IBM में अरविंद कृष्णा, VMWare में रघु रघुराम के बाद अब ट्विटर में पराग अग्रवाल CEO बने हैं।
ट्विटर की स्थापना
21 मार्च 2006 को डोर्सी ने अपने तीन साथियों के साथ सेन फ्रांसिस्को में ट्विटर की स्थापना की थी। डोर्सी के पद छोड़ने की खबरें सामने आने के बाद कंपनी के शेयर्स की कीमतें 10% तक बढ़ गईं। हालांकि जैक 2022 तक कंपनी के बोर्ड में बने रहेंगे।