मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह गुरुवार को मुंबई पहुंचे। गोरेगांव कथित रंगदारी मामले में जांच में शामिल होने के लिए परमबीर सिंह कांदिवली में क्राइम ब्रांच यूनिट 11 के दफ्तर पहुंच गए हैं। 100 करोड़ की वसूली के मामले में कोर्ट ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर रखा है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने परमबीर सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। चंडीगढ़ से मुंबई पहुंचे परमबीर सिंह ने पत्रकारों से कहा कि वह अदालत के निर्देश के अनुरूप जांच का हिस्सा बनेंगे और जांच में पूरा सहयोग करेंगे और उन्हें अदालत पर पूरा भरोसा है।
Former Mumbai Police Commissioner Param Bir Singh arrives in Mumbai.
Singh was declared as 'absconding' by a Mumbai court. He is facing extortion charges in several cases in Maharashtra. pic.twitter.com/DEHiSRVxNn
— ANI (@ANI) November 25, 2021
परमबीर सिंह पर वसूली का है मामला
दरअसल, पूर्व कमिश्नर सिंह के खिलाफ वसूली का मामला दर्ज है। मामले में मुंबई पुलिस के अधिकारी सचिन वाजे की गिरफ्तारी के बाद सिंह को मार्च 2021 में मुंबई पुलिस आयुक्त पद से हटाकर होम गार्ड्स का महानिदेशक नियुक्त किया था। सिंह ने महाराष्ट्र के तत्कालीन गृहमंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे जिसके बाद देशमुख को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। बाद में सीबीआई ने देशमुख के खिलाफ केस दर्ज किया था।
स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी पर थे परमबीर सिंह
बता दें कि चार मई 2021 को परमबीर सिंह अंतिम बार ऑफिस आए थे और उसके बाद स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी पर चले गए थे। पुलिस ने 20 अक्टूबर को बताया कि सिंह का कोई अता-पता नहीं है। इसके पहले, परमबीर सिंह ने एक हलफनामे में जांच आयोग को बताया था कि उनके पास 100 करोड़ की वसूली के मामले में साझा करने के लिए कोई और सबूत नहीं है।