ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेशराष्ट्रीय

Padma Awards 2023 : मप्र के उमरिया समेत 6 जिले ऐसे, जहां से पहली बार किसी को मिला पद्म पुरस्कार

नई दिल्ली/भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में 50 हस्तियों को पद्म पुरस्कार से सम्मनित किया। पद्म पुरस्कार के लिए देश के हर कोने से लोग चुने गए हैं। जिन लोगों को यह सम्मान मिला, उनमें 50 से अधिक लोग 40 जिलों से है। इन 40 जिलों में 6 जिले ऐसे हैं, जिनसे पहले कभी कोई पद्म पुरस्कार विजेता नहीं चुना गया। इनमें मध्यप्रदेश का उमरिया जिला ऐसा है, जहां से पहले किसी को पद्म पुरस्कार नहीं मिला।

इसके अलावा आंध्र प्रदेश के दो जिले अनकापल्ले और काकीनाडा, महाराष्ट्र का रत्नागिरि, त्रिपुरा का खोवई और कर्नाटक का चिकबल्लापुर हैं। अधिकारियों ने कहा कि पद्म पुरस्कारों की थीम यह है कि जिन्होंने अपना जीवन किसी क्षेत्र विशेष को समर्पित कर दिया है, उन्हें सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार पाने वाले 10 लोग 90 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। 14 की उम्र 80 वर्ष से अधिक है।

उमरिया की 83 वर्षीय जोधइया बैगा को मिला है पद्म

इस बार के पद्म पुरस्कारों में उमरिया जिले की 83 वर्षीय जोधइया बैगा (अम्मा) को सम्मानित किया गया। उन्हें पद्मश्री दिया गया। 14 की उम्र में जोधइया की शादी हुई और कुछ समय बाद पति की मौत हो गई।  दो बच्चों को पालने के लिए उन्होंने मजदूरी की। 2008 में उन्होंने आशीष स्वामी के कहने पर आदिवासी कला की शुरुआत की। आशीष ने ही जोधइया बैगा को चित्रकारी सिखाई थी। इसके बाद उन्होंने कई मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। भोपाल में स्थित मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में जोधइया बाई के नाम से एक दीवार बनी है। इस पर उनके बनाए हुए चित्र लगे हैं। उन्होंने यह सम्मान अपने गुरु आशीष स्वामी को समर्पित किया है।

इस बार पद्म के लिए चुने गए 106 नाम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस एम कृष्णा, जानेमाने उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला तथा प्रसिद्ध गायक सुमन कल्याणपुर समेत अन्य को पद्म पुरस्कारों से विभूषित किया। शेयर बाजार से जुड़े रहे राकेश झुनझुनवाला को मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया। बुधवार को कुल 50 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस वर्ष 106 लोगों को नाम पद्म पुरस्कारों के लिए चुने गए हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button