पिपरिया के पास OHE लाइन पर बंदरों का उत्पात, इटारसी-जबलपुर के बीच बंद रहा रेल यातायात

सोहागपुर। पिपरिया के पास सोमवार सुबह ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन पर बंदरों के कूदने से इटारसी-जबलपुर रेलखंड पर करीब एक घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। घटना के कारण इस मार्ग से गुजरने वाली करीब पांच ट्रेनें प्रभावित हुईं और कई ट्रेनों को अलग-अलग स्थानों पर रोकना पड़ा।
रोकना पड़ा ट्रेनों की आवाजाही
रेल सूत्रों के अनुसार घटना पिपरिया के पास सुबह करीब 9 बजे हुई। बंदरों के ओएचई लाइन के संपर्क में आने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई, जिसके चलते इटारसी से जबलपुर के बीच ट्रेनों की आवाजाही कुछ समय के लिए बाधित हो गई।
एक घंटे बाद बहाल हुआ यातायात
पिपरिया रेलवे स्टेशन मास्टर सुनील डोंगरे के मुताबिक तकनीकी सुधार कार्य पूरा करने के बाद करीब एक घंटे में रेल यातायात बहाल कर दिया गया। इसके बाद इटारसी-जबलपुर रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से शुरू हो गया।
ये भी पढ़ें: ‘बारिश आ गई, कपड़े उतार लो’, सास की बात सून आगबबूला हुई बहू, महिला की मौत
दो घंटे देर से चल सकी पुणे-सुपौल एक्सप्रेस
ओएचई लाइन प्रभावित होने के कारण पुणे-सुपौल एक्सप्रेस को इटारसी रेलवे स्टेशन पर रोककर रखा गया। यह ट्रेन करीब दो घंटे की देरी के बाद रवाना हो सकी। नरसिंहपुर, बागरतवा और पिपरिया की तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर ओएचई लाइन को ठीक किया।
कई ट्रेनों के संचालन पर असर
ओएचई लाइन में आई खराबी के कारण करीब एक घंटे तक अप और डाउन ट्रैक पर यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। इसके चलते सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस, हावड़ा मेल, विंध्याचल एक्सप्रेस, बीना पैसेंजर सहित अन्य ट्रेनें भी देरी से रवाना हुईं। तकनीकी सुधार के बाद रेल परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो गया।
ये भी पढ़ें: दिशा सालियान की मौत मामले में CBI की एंट्री, बॉम्बे HC के आदेश के बाद FIR दर्ज




















