ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

चुनावी सख्ती : 1000 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और कर्मचारी 6 घंटे की कॉम्बिंग गश्त पर निकले, 1014 को किया गिरफ्तार पुलिस कमिश्नर प्रणाली के बाद राजधानी में 13वीं कॉम्बिंग गश्त, अब तक कुल 7014 हुए अरेस्ट

भोपाल। आगामी लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने, होली-रंगपंचमी पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और फरार अपराधियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की रात कॉम्बिंग गश्त की। इसमें भोपाल के चारों जोन के 1000 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। देर रात से अल सुबह तक करीब 6 घंटे तक चले इस धरपकड़ अभियान में कुल 1014 लोगों को गिरफ्तार किया गया। भोपाल में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद ये 13वीं काम्बिंग गश्त थी, जिसके तहत अब तक 7014 वारंटियों और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी हो जा चुकी है।

अचानक मिला कमिश्नर ऑफिस पहुंचने का आदेश

कॉम्बिंग गश्त के लिए कमिश्नर कार्यालय से कल देर शाम एक मैसेज भेजा गया। इसमें शुक्रवार रात को सभी थानों के बल और रक्षित केंद्र के रिजर्व फोर्स को कमिश्नरेट में पहुंचने को कहा गया। फोर्स के पहुंचने पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर अवधेश गोस्वामी ने सभी पुलिसकर्मियों और अफसरों को टीम वर्क के साथ संवेदनशीलता एवं विवेकपूर्ण तरीके से बदमाशों की धरपकड़ का फरमान सुनाया। इसके बाद फोर्स को अलग अलग टीमों में बांटकर अपने-अपने क्षेत्रों में रवाना कर दिया गया। रात 11 बजे शुरू हुई यह कॉम्बिंग गश्त शनिवार सुबह 5 बजे तक चली। 6 घंटे की इस गश्त में कुल 526 स्थाई वारंट, 346 गिरफ्तारी वारंट, 107 जमानती वारंट तामील कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इसके साथ ही 35 अन्य प्रकरणों के आरोपी समेत कुल 1014 बदमाशों को हिरासत में से लिया गया। इसके साथ ही हर इलाके के गुंडे, बदमाश और हिस्ट्रीशीटर के घर भी चेक किए गए।

कॉम्बिंग गश्त में गिरफ्तारी का जोनवार विवरण

:- जोन-1 क्षेत्र में 176 स्थाई वारंट, 76 गिरफ्तारी वारंट, 26 जमानती वारंट समेत कुल 278 वारंट तामील किए गए। इसमें थाना शाहपुरा सर्वाधिक द्वारा 35 स्थाई वारंट व 34 गिरफ्तारी वारंट समेत कुल 69 वारंट तामील कराए गए।
:- जोन-2 क्षेत्र में 110 स्थाई वारंट, 55 गिरफ्तारी वारंट, 44 जमानती वारंट समेत कुल 209 वारंट तामील किए गए। इसमें थाना पिपलानी द्वारा सर्वाधिक 33 स्थाई वारंट व 8 गिरफ्तारी वारंट समेत कुल 41 वारंट तामील कराए गए।
:- जोन-3 क्षेत्र में 100 स्थाई वारंट, 126 गिरफ्तारी वारंट, 8 जमानती वारंट समेत कुल 234 वारंट तामील किए गए। इसमें थाना हनुमानगंज द्वारा सर्वाधिक 23 स्थाई वारंट व 26 गिरफ्तारी वारंट समेत कुल 49 वारंट तामील कराए गए।
:- जोन-4 क्षेत्र में 144 स्थाई वारंट, 89 गिरफ्तारी वारंट, 29 जमानती वारंट समेत कुल 262 वारंट तामील किए गए। इसमें थाना निशातपुरा द्वारा सर्वाधिक 52 स्थाई वारंट व 25 गिरफ्तारी वारंट समेत कुल 77 वारंट तामील कराए गए।

अपराधियों में बढ़ेगा पुलिस का खौफ

पुलिस आयुक्त हरिनारायण चारी मिश्रा रके अनुसार इस तरह होने वाली कॉम्बिंग गश्त से अपराधियों में पुलिस और कानून का खौफ बढ़ेगा और चुनाव भी शांतिपूर्ण संपन्न हो सकेगा। गौरतलब है कि भोपाल शहर के सभी थानों में स्थाई और गिरफ्तारी वारंट लंबे समय से तामील नहीं हुए हैं और आरोपी के फरार होने य घर पर न मिलने के कारण अदालत में इनके प्रकरण लंबित हैं। ऐसे में वारंटों की इस तामीली से इन केस में अदालत जल्द ही फैसला भी ले सकेगी। शुक्रवार और शनिवार को तामील कराए गये वारंटो में हत्या, बलात्कार, लूट, चेक बाउंस, धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों के आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम की यह 13वीं काम्बिंग गश्त थी। काम्बिंग गश्त के दौरान अब तक कुल 7014 अपराधियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

ये भी पढ़ें-MP News : नरसिंहपुर जिले में नदी में डूबने से एक युवक की मौत, मामले की जांच में जुटी पुलिस

संबंधित खबरें...

Back to top button