
ममित। मिजोरम पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ममित जिले से ड्रग्स के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग साबुन के 270 पैकेटों में लगभग 3.5 किलो हेरोइन लेकर जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, इंटरनेशनल मार्केट में इसकी कीमत 17 करोड़ रुपए से ज्यादा है। आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय मोहम्मद इदरीश मिया और 28 वर्षीय खुगोन दास के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
आज की अन्य खबरें भी पढ़ें…
अमरनाथ यात्रा के चलते जम्मू-कश्मीर में ड्रोन से निगरानी कर रहे सुरक्षाबल
उत्तराखंड। 1 जुलाई से अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षाबलों ने रविवार को उधमपुर में ड्रोन से यात्रा रूट की निगरानी की। 60 दिनों से भी ज्यादा चलने वाली इस यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा बर्फानी के दर्शन करने जाते हैं। अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई से शुरू होकर 31 अगस्त तक यानी करीब दो महीने तक चलेगी। यात्रा के लिए अब तक 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं।
ग्रेटर नोएडा में कार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत
नोएडा। दिल्ली से सटे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के दादरी में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह सड़क हादसा हो गया। यहां एक अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों बुलंदशहर जिले के निवासी थे। गाड़ी में करीब तीन लाख रुपए की नकदी रखी थी, जिसे पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इलाज के दौरान हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के करीब चार बजे दादरी थाना क्षेत्र के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर डासना की ओर जाते समय एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में संजीव (25), प्रखर (25), हनी (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को दादरी के एक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उन्हें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
बिहार में डेयरी फैक्ट्री में अमोनिया गैस हुई लीक, एक मजदूर की मौत
हाजीपुर। बिहार के हाजीपुर में इंडस्ट्रीयल एरिया में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक डेयरी फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक हो गई। इससे फैक्ट्री में काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 30-35 लोगों की तबीयत खराब हो गई। मजदूरों को हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में भगदड़ मच गई।
#WATCH | Hajipur, Bihar: One labour dead and around 30-35 others are undergoing treatment at Hajipur Sadar Hospital after a poisonous gas leaked from an ammonium cylinder in Raj Fresh Dairy in Vaishali district. The patients admitted are currently stable: Dr Shyam Nandan Prasad,… pic.twitter.com/c1cUNGnsrA
— ANI (@ANI) June 25, 2023