20 राज्यों में आज भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, 72 KM की रफ्तार से चल सकती है हवा; MP में भी तेज बारिश की चेतावनी

देशभर में मानसून का असर बना हुआ है और कई राज्यों में एक बार फिर मौसम बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने आज यानी 4 सितंबर को यूपी, दिल्ली, बिहार समेत 20 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जगहों पर तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार अलग-अलग इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा है, जबकि पूर्वी राज्यों में वज्रपात और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उसके आसपास के इलाके में बने निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव के चलते 4 और 5 सितंबर को मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वालों को मौसम का अपडेट जरूर देख लेने की सलाह दी गई है।
20 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक आज उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, असम, नागालैंड, तेलंगाना, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
यूपी में इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, बांदा, ललितपुर, फिरोजाबाद, आजमगढ़, हमीरपुर और देवरिया में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी है। राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
दिल्ली में बारिश के साथ तेज हवा चलेगी
दिल्ली में भी आज बारिश और आंधी का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार में मूसलाधार बारिश और आंधी का अलर्ट
बिहार में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। पटना, जहानाबाद, गया, भोजपुर, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
झारखंड और उत्तराखंड में भी मौसम बिगड़ेगा
झारखंड के रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर, सरायकेला, गिरिडीह, दुमका, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पलामू और हजारीबाग में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा। उत्तराखंड के बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, उत्तरकाशी, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट है। यहां हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। देहरादून में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश में शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, सोलन और लाहौल-स्पीति में 4 और 5 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मनाली में आज अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, कठुआ, पुंछ, जम्मू, बारामूला, उधमपुर, किश्तवाड़, राजौरी, गांदरबल, शोपियां और कुलगाम में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। संवेदनशील इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। श्रीनगर में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश और आंधी का अलर्ट
मध्य प्रदेश में भी मौसम खराब रहने वाला है। गुना, भोपाल, विदिशा, सागर, ग्वालियर, दमोह, रायसेन, मंदसौर, शिवपुरी, नीमच और कटनी में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। भोपाल में आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
राजस्थान, पश्चिम बंगाल और पंजाब में भी अलर्ट
राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, करौली, दौसा, जयपुर, नागौर, पाली, भरतपुर और बांसवाड़ा में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। जयपुर में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के हावड़ा, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, बीरभूम, कोलकाता, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पंजाब के जालंधर, पटियाला, संगरूर, पठानकोट, बठिंडा, अमृतसर, लुधियाना और गुरदासपुर में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। यहां हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बड़े शहरों में आज कितना रहेगा तापमान?
4 सितंबर को दिल्ली में अधिकतम 30 और न्यूनतम 25 डिग्री, मुंबई में 31 और 26 डिग्री, चेन्नई में 32 और 27 डिग्री, कोलकाता में 32 और 27 डिग्री, लखनऊ में 31 और 26 डिग्री, पटना में 33 और 27 डिग्री, रांची में 28 और 23 डिग्री, भोपाल में 24 और 22 डिग्री, जयपुर में 27 और 24 डिग्री तथा शिमला में 23 और 18 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है।




















