फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, देश के 17 राज्यों में आज बारिश-आंधी का खतरा, 65 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं!

नई दिल्ली। सितंबर की शुरुआत देश के कई राज्यों के लिए खराब मौसम के साथ हुई है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड समेत 17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की गति 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी भारत में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। उत्तराखंड और हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण सड़कें प्रभावित होने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
17 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम और केरल में बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है। पूर्वी हिस्सों में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना भी है।
ये भी पढ़ें: ATF Price Hike: LPG, CNG और PNG के बाद अब जेट फ्यूल भी महंगा, 5.5% बढ़े दाम; क्या महंगा होगा हवाई सफर?
दिल्ली-UP में आंधी के साथ बारिश
राजधानी दिल्ली में शाम के समय बारिश और तेज हवा चल सकती है। तापमान करीब 34 डिग्री तक रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, कानपुर, झांसी, प्रयागराज और गोरखपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में हवाएं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
बिहार-झारखंड में बिजली का खतरा
बिहार में पटना सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट है। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, भागलपुर और सुपौल जैसे क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। झारखंड में रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग सहित कई जगहों पर बारिश की संभावना है। आकाशीय बिजली को लेकर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
पहाड़ों में बारिश से बढ़ी मुश्किल
उत्तराखंड में देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बताया गया है। राज्य में बारिश के कारण एक कार के बरसाती नदी में बहने से दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि अल्मोड़ा में मलबा घर में घुसने से तीन लोगों की जान गई। केदारनाथ यात्रा भी खराब मौसम के चलते रोक दी गई है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है। पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
MP और राजस्थान में भी असर
मध्य प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, सागर, दमोह, विदिशा और रायसेन समेत कई जिलों में तेज बारिश और हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में मानसून सीजन की सामान्य बारिश का बड़ा हिस्सा अब तक हो चुका है। राजस्थान में फिलहाल कई क्षेत्रों में मौसम साफ है, लेकिन कुछ जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट जारी है। जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री रह सकता है।
ये भी पढ़ें: बेटियों की फीस के लिए साड़ी पहनकर नंगे पैर दौड़ी मां, कीचड़ भरी सड़क पर जीती मैराथन; जीत की कहानी कर देगी भावुक
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम सक्रिय
मौसम में बदलाव की बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बना निम्न दबाव क्षेत्र बताया जा रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर बढ़ सकता है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलता रहने की संभावना है।



















