Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एफटीए पूरा करने के लिए हम तैयार, यह दोनों देशों के लिए होगा फायदेमंद

ब्रिटेन के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री स्टार्मर ने पीएम मोदी से कहा
एफटीए पूरा करने के लिए हम तैयार, यह दोनों देशों के लिए होगा फायदेमंद

लंदन। ब्रिटेन के नव-निर्वाचित प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने शनिवार सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात की। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री आवास डाउनिंग स्ट्रीट के अनुसार, उन्होंने कहा कि वह दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को पूरा करने के लिए तैयार हैं। गौरतलब है कि भारत और ब्रिटेन गत दो वर्षों से अधिक समय से एफटीए पर बातचीत कर रहे हैं, लेकिन दोनों देशों में आम चुनावों के बीच 14वें दौर में वार्ता रुक गई थी। उम्मीद है कि अब स्टार्मर के नेतृत्व वाली नई लेबर सरकार फिर वार्ता शुरू करेगी।

सबसे पहले पीएम मोदी से बात की

लेबर सरकार को इस सप्ताह भारी बहुमत से वोट मिला है। नव निर्वाचित प्रधानमंत्री की हिंद-प्रशांत क्षेत्र से संबंधित अंतरराष्ट्रीय फोन वार्ता के संबंध में डाउनिंग स्ट्रीट ने कहा कि शनिवार को सबसे पहले मोदी से बात हुई और उसके बाद जापान और ऑस्ट्रेलिया से बात की गई। डाउनिंग स्ट्रीट के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों नेताओं ने चुनावी जीत पर एक-दूसरे को बधाई दी और ब्रिटेन तथा भारत के बीच संबंधों की मजबूती पर विचार-विमर्श किया।

उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे दोनों पक्षों के लिए लाभकारी समझौता करने के लिए तैयार हैं। दोनों नेताओं ने जल्द से जल्द मिलने की उम्मीद जताई। जनवरी, 2022 में जब बोरिस जॉनसन ब्रिटिश प्रधानमंत्री थे, तब से दोनों पक्ष 38.1 अरब पाउंड की द्विपक्षीय व्यापार साझेदारी को बढ़ाने के लिए एक समझौते पर पहुंचने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके बाद से वार्ता को ब्रिटेन में राजनीतिक उथल-पुथल का सामना करना पड़ा।

पीएम स्टॉर्मर के मंत्रिमंडल में भारतीय मूल की लीसा नंदी समेत 11 महिलाएं

लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर के मंत्रिमंडल में भारतीय मूल की लीसा नंदी समेत रिकॉर्ड 11 महिलाएं शामिल हैं। उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड के विगन संसदीय क्षेत्र से भारी अंतर के साथ पुनर्निर्वाचित होने वालीं लीसा नंदी (44) शनिवार को ब्रिटेन की संस्कृति, मीडिया एवं खेल मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करेंगी। स्टार्मर के मंत्रिमंडल में शामिल 11 महिलाओं में रेचेल रीव्स (वित्तमंत्री), एंजेला रेनर (उप प्रधानमंत्री) भी शामिल हैं। दोनों ने इतिहास रचा है, क्योंकि रीव्स के तौर पर ब्रिटेन को पहली महिला वित्त मंत्री मिली हैं, वहीं रेनर उप प्रधानमंत्री के पद पर आसीन होने वाली दूसरी महिला हैं।

स्टार्मर ने शुक्रवार को अपनी शीर्ष टीम की घोषणा करते हुए नई सरकार के कामकाज की शुरूआत कर दी थी। नंदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि ब्रिटेन के संस्कृति, मीडिया और खेल विभाग का प्रमुख बनना ‘अकल्पनीय विशेषाधिकार’ है। लीसा (44) जनवरी 2020 में लेबर पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए चुनावों में अंतिम तीन दावेदारों में से एक थीं, जहां उनका सामना स्टार्मर और एक अन्य उम्मीदवार से था। लीसा तब से स्टार्मर के शैडो कैबिनेट में काम कर रही थी।

भारतीय मूल के आलोक शर्मा उच्च सदन के सदस्य मनोनीत

लंदन। ब्रिटेन में इस सप्ताह हुए आम चुनाव नहीं लड़ने वाले कंजरवेटिव पार्टी के भारतीय मूल के पूर्व सांसद आलोक शर्मा को संसद के उच्च सदन ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ का सदस्य मनोनीत किया गया था। अब शर्मा के मनोनयन पर ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय ने मुहर लगा दी, जिसके बाद वह हाउस ऑफ लार्ड्स के सदस्य बन गए हैं। ब्रिटेन के तत्कालीन प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने (दो दिन पहले) शर्मा समेत सात व्यक्तियों को उच्च सदन के लिए मनोनीत किया था, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री थेरेसा मे भी शामिल हैं।

देखें video https://youtu.be/-gA_JQZpVAc?si=yFhwHYKWF3DSzNuy  
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts