PlayBreaking News

खरगोन : ग्रामीणों ने पीट-पीटकर की तेंदुए की हत्या, वन विभाग करेगा दोषियों पर केस दर्ज

Follow on Google News
खरगोन : ग्रामीणों ने पीट-पीटकर की तेंदुए की हत्या, वन विभाग करेगा दोषियों पर केस दर्ज
खरगोन। मध्य प्रदेश में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। वहीं खरगोन जिले के चिरिया वन परिक्षेत्र में तेंदुए ने एक ग्रामीण पर हमला कर घायल कर दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह मादा तेंदुए को घेर लिया और पीट-पीटकर मार डाला है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। तेंदुए का पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा।

पीट-पीटकर की तेंदुए की हत्या

खरगोन के वन मंडलाधिकारी प्रशांत सिंह ने बताया कि चिरिया वनपरिक्षेत्र से शुक्रवार सुबह सूचना मिली थी कि एक तेंदुए को मार दिया गया है। मौके पर वन अमले को भेजा गया है। उन्होंने प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बताया कि तेंदुए ने नान कोड़ी निवासी एक ग्रामीण उमेश डाबर को घायल कर दिया था, जिससे आक्रोशित होकर तेंदुए को मार दिया गया। तेंदुए के मुंह व जबड़े पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं।

डॉग स्क्वायड को बुलाया गया

डीएफओ ने बताया कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किन परिस्थितियों में तेंदुए को मारा गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तेंदुए को अकेले किसी ने मारा है अथवा एक से अधिक लोगों ने। उन्होंने बताया कि घायल उमेश को जिला अस्पताल खरगोन में लाकर समुचित उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 2 वर्षीय मादा तेंदुए को मारने के मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण (पी ओ आर) दर्ज किया जा रहा है। डीएफओ ने बताया कि इंदौर स्थित स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स से डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है उसके उपरांत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

सुबह शौच के लिए गया था युवक

भीकनगांव के अनुविभागीय अधिकारी (वन) दिनेश वास्कले ने बताया कि ग्रामीण उमेश डाबर सुबह शौच के लिए बाहर आया था और उसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला किया, जिसके चलते उसके दोनों हाथों में चोट आई है। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झिरनिया लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अकेले उमेश डाबर ने उस पर हमला किया या अन्य ग्रामीणों ने उसे मारा है। मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts