धमाकों से दहली वेनेजुएला की राजधानी :सड़कों पर उतरे लोग, शहर में अफरा-तफरी; अमेरिकी हवाई हमले का शक

वेनेजुएला की राजधानी कराकस में शनिवार तड़के करीब 2 बजे (स्थानीय समय) कम से कम 7 तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इसके साथ ही शहर के ऊपर से लो-फ्लाइंग एयरक्राफ्ट गुजरते दिखे और उनकी तेज आवाज भी लोगों ने सुनी।
धमाकों के बाद अफरा-तफरी
धमाकों की आवाज सुनते ही पूरे शहर में अफरा-तफरी मच गई। कई इलाकों में लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए। अलग-अलग मोहल्लों में लोग सड़कों पर जमा होते दिखे। कुछ इलाकों में दूर से रोशनी और हलचल भी नजर आई।
अब तक नुकसान की पुष्टि नहीं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजधानी में कम से कम सात धमाकों की आवाज दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विस्फोट के समय आसमान में चमक और लोगों की दहशत साफ दिखाई दे रही है। हालांकि, अब तक किसी के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्या अमेरिका का हमला?
फिलहाल, यह साफ नहीं हो पाया है कि ये धमाके किसी सैन्य हमले, सैन्य अभ्यास, तकनीकी खराबी या किसी और वजह से हुए हैं। लेकिन समय और हालात को देखते हुए इसे अमेरिका-वेनेजुएला तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
मादुरो पहले भी लगा चुके हैं आरोप
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पहले ही अमेरिका पर आरोप लगा चुके हैं कि वह उनकी सरकार को गिराकर देश के तेल और खनिज संसाधनों पर कब्जा करना चाहता है। ऐसे में राजधानी में हुए ये धमाके इस तनाव को और गंभीर बनाते नजर आ रहे हैं।
अमेरिका-वेनेजुएला तनाव चरम पर
यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव अपने चरम पर है। हाल के दिनों में अमेरिका ने वेनेजुएला से जुड़े कई तेल टैंकर जब्त किए हैं और एक सैन्य कार्रवाई भी की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका वेनेजुएला सरकार पर दबाव बढ़ा रहा है।
सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल, पूरे देश की नजर वेनेजुएला सरकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया और सुरक्षा एजेंसियों से मिलने वाली जानकारी पर टिकी हुई है। आने वाले घंटों में ही साफ हो पाएगा कि कराकस में हुए धमाकों के पीछे असली वजह क्या है।











