Monika Yadav :कौन हैं मोनिका यादव? धर्मेंद्र से तलाक के बाद मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी से की शादी

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद की राजनीति से जुड़ी मोनिका यादव इन दिनों अपनी दूसरी शादी को लेकर चर्चा में हैं। फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी से शादी कर ली है। दोनों ने 28 मई को हिमाचल प्रदेश में शादी की।
बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक
मोनिका यादव फर्रुखाबाद के एक बड़े राजनीतिक परिवार से आती हैं। उनके पिता नरेंद्र सिंह यादव छह बार विधायक रह चुके हैं। वे मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव सरकार में मंत्री भी रहे हैं। नरेंद्र सिंह यादव ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी, लेकिन बाद में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।
दादा भी रहे बड़े नेता
मोनिका यादव के दादा राजेंद्र सिंह यादव भी उत्तर प्रदेश की राजनीति का बड़ा नाम थे। वे प्रजा समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे और यूपी सरकार में मंत्री भी बने। वे सात बार विधायक चुने गए थे।
धर्मेंद्र यादव से हुई थी शादी
मोनिका यादव की शादी समाजवादी पार्टी सांसद धर्मेंद्र यादव से हुई थी। धर्मेंद्र यादव, मुलायम सिंह यादव के भतीजे हैं। हालांकि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव शुरू हो गया था।

पंचायत चुनाव के दौरान बढ़ी दूरियां
2016 के पंचायत चुनाव के दौरान मोनिका यादव राजनीति में सक्रिय हुईं। उस समय वे जिला पंचायत चुनाव में उम्मीदवार बनीं, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। इसी दौरान उनके और धर्मेंद्र यादव के रिश्तों में भी दूरी बढ़ती गई।
2021 में छोड़ी समाजवादी पार्टी
वर्ष 2021 में मोनिका यादव ने समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा के समर्थन से वे फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष बनने में सफल रहीं।
गौरव चौधरी से बढ़ी नजदीकियां
जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के बाद बैठकों के दौरान उनकी मुलाकात मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी से हुई। बताया जा रहा है कि गौरव चौधरी का भी अपनी पहली पत्नी से तलाक हो चुका था। धीरे-धीरे दोनों करीब आए और आखिरकार 28 मई को हिमाचल प्रदेश में शादी कर ली। अब उनकी शादी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।











