Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कौशांबी की पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 2 बच्चों समेत 5 की मौत; कई मकान ढहे, 15 झुलसे

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में प्रयागराज बॉर्डर के पास पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है। धमाके से फैक्ट्री पूरी तरह ढह गई, जबकि आसपास के 5 से 7 मकान भी क्षतिग्रस्त हुए। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एयरफोर्स की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं।
कौशांबी की पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 2 बच्चों समेत 5 की मौत; कई मकान ढहे, 15 झुलसे
कौशांबी में प्रयागराज बॉर्डर के पास पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट

उत्तर प्रदेश में सोमवार को प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। हादसा कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ, जो प्रयागराज बॉर्डर से सटा हुआ है। धमाका इतना तेज था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई और आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए हैं। घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के SRN अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, राहत और बचाव कार्य के दौरान आंकड़ों में बदलाव की संभावना है।

दोपहर साढ़े 12 बजे हुआ धमाका

हादसा सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे मोहम्मदपुर गांव में हुआ। यह इलाका मनौरी एयरफोर्स स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। बताया गया कि मकान में पटाखे बनाने का काम चल रहा था। अचानक वहां से धुआं उठने लगा। ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पटाखों में एक के बाद एक धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया।

पूरी फैक्ट्री जमींदोज, आसपास के मकान भी टूटे

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पटाखा फैक्ट्री पूरी तरह ढह गई। बताया जा रहा है कि करीब 50 मीटर के दायरे में 5 से 7 मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बुलडोजर की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।

फैक्ट्री में 15 मजदूर कर रहे थे काम

हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 15 मजदूरों के काम करने की बात सामने आई है। इसके अलावा आसपास के घरों और दूसरे प्रतिष्ठानों में मौजूद लोग भी धमाके की चपेट में आए। बताया गया कि पास में एक बूंदी कारखाने में करीब 5 लोग और आटा चक्की में करीब 6 लोग मौजूद थे। ग्रामीणों ने झुलसे लोगों को चारपाई और अन्य साधनों से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया।

X Post 

लगातार होते रहे पटाखों के धमाके

आग लगने के बाद फैक्ट्री में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होते रहे। करीब एक घंटे तक रुक-रुककर धमाकों की आवाज सुनाई देने की बात सामने आई है। धमाकों के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने घटना के वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर सामने आए।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पूरामुफ्ती और पिपरी थाने की पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और फायरकर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एयरफोर्स की टीमें भी राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। कौशांबी के डीएम और एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

Breaking News

फैक्ट्री मालिक आदिल के नाम की जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मनौरी गांव निवासी आदिल के मकान में पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि मकान के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे हैं। हालांकि, आग लगने और विस्फोट की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आएगी।

आग बुझने के बाद साफ होगी स्थिति

एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाल रही है। आग पूरी तरह बुझने और मलबा हटाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों की तलाश और घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराना है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts