Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

UP Encounter :फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में पुलिस मुठभेड़, 2 बदमाश ढेर; SOG के 2 जवान घायल

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में पुलिस मुठभेड़ में दो वांछित बदमाश मारे गए। फायरिंग के दौरान इटावा एसओजी के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया। दोनों बदमाश डॉक्टर से लूट और चेन स्नैचिंग समेत कई मामलों में वांछित बताए गए हैं।
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में पुलिस मुठभेड़, 2 बदमाश ढेर; SOG के 2 जवान घायल
फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में पुलिस मुठभेड़ में दो वांछित बदमाश मारे गए।

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित बदमाश मारे गए। घटना शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास हुई। फायरिंग के दौरान इटावा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के दो जवान भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है।

झारखंड भागने की फिराक में थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी चेन स्नैचिंग और लूट के मामलों में वांछित थे और झारखंड भागने की कोशिश कर रहे थे। इटावा पुलिस उनकी तलाश में थी। दोनों ट्रेन से शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरे, जहां SOG टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग

एडीजी के अनुसार, पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और नगला कन्हई के खेतों की ओर भाग गए। जवाबी कार्रवाई में इटावा SOG के सिपाही डेविड चौहान के पेट और पुष्पेंद्र चौधरी के कंधे में गोली लगी। दोनों को पहले फिरोजाबाद में प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए आगरा भेजा गया।

Breaking News

कॉम्बिंग ऑपरेशन में दोनों बदमाश ढेर

घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। खेतों में हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में मारे गए। उनकी पहचान सुमित और अंकित उर्फ सीपू, निवासी इटावा, के रूप में हुई है।

डॉक्टर से लूट के मामले में थे वांछित

पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश 3 जुलाई को इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में एक डॉक्टर से लूट की घटना में वांछित थे। इस मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। पूछताछ के दौरान सुमित और अंकित उर्फ सीपू के नाम सामने आए थे, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

हथियार बरामद, जांच जारी

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और बरामद साक्ष्यों की जांच जारी है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts