PlayBreaking News

केंद्रीय मंत्री ने दी विकास कार्यों की सौगात, गडकरी बोले- MP में किसानों का निर्यात और पर्यटन बढ़ेगा

Follow on Google News
केंद्रीय मंत्री ने दी विकास कार्यों की सौगात, गडकरी बोले- MP में किसानों का निर्यात और पर्यटन बढ़ेगा
जबलपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को शहर के वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश विकास के पथ पर लगातार आगे जा रहा है और सड़क एवं राजमार्ग के क्षेत्र में अगले 10 साल में 3 लाख करोड़ रुपए के काम पूरे किए जाएंगे। इस दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, वीरेंद्र कुमार, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, राज्य सरकार के मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल और परियोजनाओं से लाभान्वित होने वाले सभी क्षेत्रों के सांसद और विधायक भी उपस्थित थे।

9 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और सीएम डॉ. मोहन यादव ने लगभग 2300 करोड़ रुपए से अधिक की लागत की 9 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि मध्य प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं से किसानों का निर्यात और प्रदेश में पर्यटन बढ़ेगा। पर्यटन एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें 49 प्रतिशत कैपिटल इन्वेस्टमेंट केवल रोजगार निर्माण के लिए खर्च होता है।

दुनिया में खजुराहो-भेड़ाघाट आकर्षण का केंद्र : गडकरी

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि मध्यप्रदेश के खजुराहो और भेड़ाघाट पूरी दुनिया का आकर्षण का केंद्र हैं। अच्छे रोड, अच्छे रिसॉर्ट और अच्छे रेस्टोरेंट होंगे तो निश्चित रूप से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश आगे जा रहा है, यहां 3 लाख करोड़ रुपए के काम कर रहे हैं, ग्रीन एक्सप्रेस हाईवे बन रहे हैं। बड़े-बड़े 5 ग्रीन हाइवे 50 हजार करोड़ के बन रहे हैं, अभी तक दो लाख करोड़ रुपए के कार्यों का शुभारंभ हुआ है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि वे वचन देते हैं कि 10 सालों में 3 लाख करोड़ रुपए के काम पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका विश्वास है कि इन सभी क्षेत्रों के विकास के साथ समृद्धता एवं संपन्नता आएगी और जबलपुर देश के विकासशील शहरों में अगले पायदान पर आएगा। इसके पहले गडकरी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को भारत को आत्मनिर्भर बनाने की शपथ दिलाई।

महाकौशल में विकास की सर्वाधिक संभावनाएं : सीएम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य में नर्मदा नदी में जल यातायात को लेकर कई प्रकार की संभावनाएं हैं और भविष्य में इस दिशा में विचार किया जाएगा। नई सरकार बनने के बाद ये पाया गया कि महाकौशल में विकास की सर्वाधिक संभावनाएं हैं, इसके बाद ये संकल्प लिया कि इस अंचल में विकास की कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कैबिनेट की पहली बैठक भी यहीं की गई।

नर्मदा नदी में अपार संभावनाएं : सीएम

सीएम ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सड़कें बनते ही विकास उसके साथ साथ चलने लगता है। महाकौशल अंचल में लगातार निर्माण कार्यों से यहां की भी दशा दिशा बदलेगी। केंद्रीय गडकरी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री का नाम उन लोगों में शुमार है, जिनसे काम की कभी कमी नहीं हो पाती। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि केंद्रीय गडकरी ने क्रूज और रोप वे के क्षेत्र में भी कई काम किए हैं। इसके पहले कभी जल यातायात के बारे में काम नहीं हो सका था। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी नर्मदा नदी में अपार संभावनाएं हैं। भविष्य में इस पर भी विचार करेंगे और जल यातायात को लेकर संभावनाएं तलाशी जाएंगी। मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts