
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे रविवार को एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। दरअसल, बिहार में बक्सर से पटना लौटते समय केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के काफिले में चल रही पुलिस की एक गाड़ी पलट गई। इस हादसे में 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए, सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं इस काफिले के पीछे केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की गाड़ी थी। ड्राइवर के सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार रात 9 बजे डुमराव के मठीला-नारायणपुर के सड़की पुल के पास हुआ। बक्सर के सांसद और भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे बक्सर से पटना जा रहे थे। उनके काफिले में एक पुलिस की गाड़ी चल रही थी। उसी दौरान पुलिस की गाड़ी अपना संतुलन खो बैठी और डुमराव अनुमंडल के महिला नारायणपुर पुल के पास नहर में गिर गई। इसके पीछे केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की गाड़ी थी। ड्राइवर के सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
खुद ट्वीट कर दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री ने खुद इस घटना की जानकारी ट्वीट कर दी। उन्होंने हादसे का वीडियो ट्वीट कर बताया कि बक्सर से पटना जाते समय डुमराव के मठीला-नारायणपुर पथ पर चल रही पुलिस की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। घायल पुलिसकर्मियों एवं चालक को डुमरांव सदर अस्पताल लेकर आया हूं। उन्होंने बताया कि दो पुलिसवालों को चोटें भी आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लेकर एम्स पटना रवाना हो रहा हूं।
डुमरांव अनुमंडल अस्पताल में घायल पुलिसकर्मियों को लेकर आया हूं। उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। दो पुलिसकर्मी को अधिक चोटें आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लेकर एम्स पटना रवाना हो रहा हूं। सभी पुलिसकर्मी एवं चालक खतरे से बाहर है: केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे https://t.co/KFocJcaSw4
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 15, 2023