
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को हरियाणा के कोहंड गांव से शुरू हुई। हरियाणा के करनाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां भी पेश की गई। इसके अलावा यात्रा में चलते हुए हरियाणा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता MLA किरण चौधरी को चोट लग गई। वह यात्रा में चलते वक्त फिसल गई, उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
देरी से शुरू हुई यात्रा
यात्रा शुक्रवार सुबह छह बजे शुरू होनी थी, लेकिन एक दिन पहले मां सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने पर राहुल गांधी दिल्ली रवाना हो गए थे। जिसकी वजह से यात्रा करीब ढाई घंटे की देरी से सुबह 8:37 बजे शुरू हुई। भारत जोड़ो यात्रा ने कुछ दिन पहले ही यूपी से हरियाणा में प्रवेश किया था।

धरने पर बैठे किसानों से मिले राहुल
राहुल गांधी ने यात्रा के दौरान किसानों से भी मुलाकात की। बता दें कि, बसताड़ा टोल प्लाजा पर पिछले कई दिनों से गन्ने के उचित भाव की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। किसानों ने अपनी दो मांगों को लेकर राहुल गांधी को ज्ञापन भी सौंपा है। इसमें एक गन्ने का उचित भाव और दूसरी एमएसपी की गारंटी की मांग की गई है। राहुल गांधी ने दोनों मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। राहुल ने यात्रा की शुरूआत बच्चों से मुलाकात के साथ की।
11 को पंजाब में प्रवेश करेगी यात्रा
हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा 10 जनवरी तक चलेगी। 8 और 9 जनवरी को राहुल गांधी कुरुक्षेत्र में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। इसके बाद 11 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में प्रवेश करेगी।

राऊ में बुलेट बाइक चलाई
27 नवंबर 2022 को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के इंदौर जिल के महू के राऊ में बुलेट बाइक चलाई। समर्थक ने उन्हें अपनी बुलेट चलाने को कहा, जिस पर राहुल गांधी ने हेलमेट पहना और कुछ दूर तक उस पर सवारी की। उनके साथ में पूर्व मंत्री जीतू पटवारी समेत कई कार्यकर्ता दौड़ते नजर आए।
7 सितंबर से शुरू हुई थी भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा बीते 7 सितंबर से तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। कांग्रेस की 3750 किमी की यह यात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी। यह दक्षिण में कन्याकुमारी से उत्तर में कश्मीर तक 3,750 किमी का सफर पूरा करेगी। इस यात्रा में राहुल गांधी बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते रहे हैं।
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि, 26 जनवरी से 26 मार्च तक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। जो भारत जोड़ो का संदेशा हर बूथ और ब्लॉक में पहुंचाएगा। इसमें गांव-गांव में घर-घर संपर्क किया जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा चुनावी यात्रा नहीं विचारधारा आधारित यात्रा है। पदयात्रा में इस भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी देने के साथ केंद्र व राज्य सरकार की असफलताएं बताई जाएगी।