PlayBreaking News

मोटा कहने पर दो युवकों को मारी गोली, 20 किमी तक किया पीछा, गोरखपुर में हैरान करने वाला मामला

Follow on Google News
मोटा कहने पर दो युवकों को मारी गोली, 20 किमी तक किया पीछा, गोरखपुर में हैरान करने वाला मामला
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महज मोटा कहने पर दो युवकों को गोली मार दी गई। यह घटना 2 मई की बताई जा रही है। शुक्रवार को पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मोटा कहने पर आया गुस्सा

पुलिस के अनुसार, बेलघाट थाना क्षेत्र निवासी अर्जुन चौहान 2 मई को अपने चाचा के साथ तरकुलहा देवी मंदिर के पास एक दावत में गया था। वहां मंझरिया गांव से आए अनिल और शुभम नाम के दो युवकों ने खाने के दौरान अर्जुन के मोटापे को लेकर मजाक उड़ाया। उनका कहना था- तू तो मोटू है यार। इस बात से नाराज अर्जुन ने विरोध किया, लेकिन मौजूद लोगों के हंसने से उसकी नाराजगी गुस्से में बदल गई। इसके बाद उसने अनिल और शुभम को जान से मारने की योजना बना ली।

दावत के बाद 20 किमी पीछा कर मारी गोली

अर्जुन ने इस बात की जानकारी अपने दोस्त आसिफ को दी। दोनों ने मिलकर वारदात की योजना बनाई। उन्हें जानकारी मिली कि अनिल और शुभम दावत के बाद मंझरिया जा रहे हैं। अर्जुन और आसिफ ने कार से उनका पीछा करना शुरू किया। तेनुआ टोल प्लाजा के पास दोनों ने शुभम और अनिल की अर्टिगा कार को ओवरटेक किया। गाड़ी रोककर दोनों को कॉलर पकड़कर कार से बाहर निकाला और उन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

राहगीरों ने बचाई जान

वारदात के बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों युवक खतरे से बाहर हैं और इलाज जारी है।

अर्जुन और आसिफ गिरफ्तार

एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि शुभम के पिता वीरेंद्र यादव की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अर्जुन चौहान और आसिफ खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आसिफ एक हिस्ट्रीशीटर है, जबकि अर्जुन पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।  
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts