Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आदिवासी नेता को मिली छत्तीसगढ़ की कमान, जानिए सरपंच से सीएम तक का राजनीतिक सफर....

आदिवासी नेता को मिली छत्तीसगढ़ की कमान, जानिए सरपंच से सीएम तक का राजनीतिक सफर....
रायपुर। विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद से जारी मुख्यमंत्री के नाम से अब पर्दा उठा गया है। रविवार को दिल्ली से आए पर्यवेक्षकों ने विधायक दल की बैठक में आदिवासी नेता विष्णुदेव साय के नाम पर मुहर लगाई है। विष्णुदेव साय प्रदेश की राजनीति में बड़ा आदिवासी चेहरा हैं और वह कुनकुरी से विधायक हैं। साय रायगढ़ से सांसद भी रह चुके हैं। खुद पूर्व सीएम रमन सिंह ने भी साय का खुलकर समर्थन किया। विष्णुदेव साय प्रदेश के चौथे मुख्यमंत्री होंगे। आइए जानते हैं विष्णुदेव साय का उतार-चढ़ाव भरा राजनीतिक सफर...

विष्णुदेव साय का राजनीतिक करियर

विष्णुदेव साय ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 1989 में ग्राम पंचायत बगिया के पंच के रूप में की थी। साय पहली बार 1990 में अपने गांव बगिया से निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए थे। इसके बाद बीजेपी से साल 1990 में उनको तपकरा विधानसभा सीट से विधायक का टिकट दिया, जिसमें उन्होंने जीत हासिल कर विधायक बने। 1990 से 1998 तक वे मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। साल 1999 से लेकर साल 2014 तक वे लगातार 4 बार रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुके हैं। भाजपा ने उन्हें 2006 में पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया।

मोदी की केंद्र सरकार में संभाले ये पद

विष्णुदेव 2014 में फिर से रायगढ़ से सांसद बने। इस बार केंद्र में मोदी की सरकार ने उन्हें केंद्रीय राज्यमंत्री, इस्पात खान, श्रम, रोजगार मंत्रालय बनाया। वे पांच साल तक इस पद पर रहे। इसी क्रम में भाजपा ने विष्णुदेव साय को जुलाई 2023 में राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया। वे सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। वे संघ के करीबी नेताओं में से एक माने जाते हैं। विष्णुदेव साय के इसी राजनीतिक अनुभव के चलते पार्टी ने उन्हें इस पद के लिए चुना है।

किसान परिवार से हैं साय

विष्णुदेव साय का जन्म 21 फरवरी 1964 में छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी इलाके के कांसाबेल से लगे बगिया गांव में हुआ था। वे पेशे से किसान हैं। उन्होंने हाई स्कूल शिक्षा कुनकुरी स्थित लोयोला हायर सेकंडरी स्कूल से की है। उनका एक बेटा और दो बेटियां है। ये भी पढ़ें- विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला; BJP ने आदिवासी नेता पर खेला दांव
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts