टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा एक्शन! कोटा रेलवे स्टेशन से 3 फरार आरोपी गिरफ्तार

एक्टर टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में फरार चल रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और राजस्थान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीनों को पकड़ा। जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में एक महाराष्ट्र और दो हरियाणा के रहने वाले हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर सकती है। इस गिरफ्तारी को फायरिंग मामले की जांच में अहम कार्रवाई माना जा रहा है।
क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच
सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच कर रही है। बिश्नोई गैंग से जुड़े मामलों की जांच भी पहले क्राइम ब्रांच करती रही है। ऐसे में जांच एजेंसियां मामले के हर पहलू की पड़ताल कर सकती हैं। हालांकि, फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका को लेकर आधिकारिक जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।
अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास मिली बाइक
इस मामले में वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक भी पुलिस को मिली है। जानकारी के मुताबिक, बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के नजदीक बरामद की गई। पुलिस बाइक से जुड़े सबूतों और अन्य सुरागों की जांच कर सकती है, ताकि वारदात में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
हाथ पर प्लास्टर, सीने पर पट्टी… हमले के बाद कैसे दिख रहे हैं टाइगर श्रॉफ? सामने आई पहली तस्वीर
पुलिस के दावे से जांच में आया नया मोड़
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों को टाइगर श्रॉफ के रूटीन की जानकारी थी और उन्होंने कथित तौर पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी थी। बताया जा रहा है कि हमलावरों को पता था कि टाइगर रविवार को जुहू फुटबॉल ग्राउंड में खेलने जाते हैं। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने उस वक्त हमला किया, जब एक्टर ग्राउंड से निकलकर अपनी कार की ओर जा रहे थे। मामले की जांच अब मुंबई से आगे गुजरात और राजस्थान तक की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि हमले की साजिश कैसे रची गई, आरोपियों को टाइगर के रूटीन की जानकारी किसने दी और इस वारदात में किन लोगों की भूमिका हो सकती है।
खबर लगातार अपडेट की जा रही है...



















