अमेरिका : टेनेसी में सैन्य विस्फोटक प्लांट में जोरदार धमाका, 18 लोग लापता; सभी के मारे जाने की आशंका

वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका के टेनेसी राज्य में शुक्रवार सुबह एक बड़े धमाके ने पूरे इलाके को हिला दिया। यह विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के घरों की दीवारें तक कांप उठीं और कई मील दूर तक लोग दहशत में आ गए। यह हादसा Accurate Energetic Systems नामक कंपनी की फैक्ट्री में हुआ, जो सैन्य और डिमोलिशन (विध्वंस) विस्फोटक बनाती है।
15 मील दूर तक महसूस हुआ झटका
यह विस्फोट सुबह करीब 7:45 बजे हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के घरों की खिड़कियां टूट गईं और मलबा आधे मील के क्षेत्र में फैल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि, उन्हें ऐसा लगा मानो उनके घर गिर गए हों। कुछ ने इसे भूकंप समझ लिया, तो कुछ को लगा बिजली गिरी है।
18 लोग मृत या लापता
हंफ्री काउंटी के शेरिफ क्रिस डेविस ने बताया कि, कई लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि सटीक आंकड़ा फिलहाल नहीं दिया गया है। पहले 19 लोगों के लापता होने की जानकारी आई थी, बाद में एक व्यक्ति अपने घर पर सुरक्षित मिला। डेविस ने कहा, “यह मेरे करियर का सबसे भयावह दृश्य है... यह नरक जैसा है।”
उन्होंने बताया कि, कुछ परिवारों से अब तक संपर्क नहीं हो पाया है और प्रशासन मोबाइल फोन डेटा की मदद से कर्मचारियों की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रहा है।
जांच में जुटी कई एजेंसियां
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच में स्थानीय पुलिस के साथ FBI और ATF (Bureau of Alcohol, Tobacco, Firearms and Explosives) की टीमें भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि, जांच और रिकवरी कार्य पूरे सप्ताहांत तक जारी रहेगा। एटीएफ की राष्ट्रीय प्रतिक्रिया टीम शनिवार को मौके पर पहुंचेगी।
कंपनी ने कहा- ‘यह एक दुखद दुर्घटना है’
Accurate Energetic Systems ने बयान जारी कर इस हादसे को "एक दुखद दुर्घटना" बताया है। कंपनी ने कहा-“हमारे विचार और प्रार्थनाएं प्रभावित परिवारों, सहकर्मियों और समुदाय के साथ हैं। हम सभी आपातकालीन कर्मियों का आभार मानते हैं जो कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे हैं।”
यह कंपनी नैशविले से करीब 1 घंटे की दूरी पर स्थित है और अमेरिकी रक्षा विभाग के लिए हाई एक्सप्लोसिव कंपोजिशन बनाती है। पिछले महीने ही इसे $120 मिलियन (लगभग ₹1000 करोड़) का TNT सप्लाई कॉन्ट्रैक्ट मिला था।
राहत कार्य में जुटे 300 से अधिक रेस्क्यू कर्मी
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, तीन लोगों को मामूली चोटें आईं हैं जिनमें से दो को छुट्टी दे दी गई, जबकि एक का इलाज जारी है। करीब 300 आपातकालीन कर्मी, पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी राहत कार्य में लगे हुए हैं। इलाके को सील कर दिया गया है और लोगों से वहां न जाने की अपील की गई है।
2014 में भी हुआ था धमाका
यह पहली बार नहीं है जब इस फैक्ट्री में ऐसा हादसा हुआ हो। अप्रैल 2014 में भी इसी प्लांट में विस्फोट हुआ था जिसमें एक व्यक्ति की मौत और चार घायल हुए थे। 2019 में Occupational Safety and Health Administration (OSHA) ने फैक्ट्री पर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के लिए $7,200 का जुर्माना लगाया था। हालांकि कंपनी ने बाद में समझौता कर लिया था।
टेनेसी के सीनेटर कहा – यह हमारी फैमिली...
टेनेसी के सीनेटर कैरी रॉबर्ट्स ने कहा कि, यह कंपनी स्थानीय समुदाय की रीढ़ मानी जाती है। “कई लोग यहां काम करते हैं, समुदाय में उनकी भागीदारी रहती है, इसलिए यह हादसा दिल तोड़ने वाला है,” उन्होंने CNN को बताया। स्थानीय लोग भी सदमे में हैं। एक निवासी जेंट्री स्टोवर ने कहा, “मुझे लगा मेरा घर मेरे ऊपर गिर गया... कुछ सेकंड बाद समझ आया कि विस्फोट फैक्ट्री में हुआ है।”
जांच में लग सकते हैं कई दिन
हिकमैन काउंटी के मेयर जिम बेट्स ने बताया कि फैक्ट्री में लगभग 80 कर्मचारी काम करते हैं, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं है कि, हादसे के समय कितने लोग अंदर थे। पूरी बिल्डिंग तबाह हो चुकी है, ऐसे में यह जांच कई दिनों तक चल सकती है।











