टेक दिग्गज एक्सेंचर ने ऑस्ट्रेलियाई साइबर सिक्योरिटी कंपनी साइबरसीएक्स का 650 मिलियन डॉलर में किया अधिग्रहण

डब्लिन। वैश्विक पेशेवर सेवा कंपनी एक्सेंचर ने ऑस्ट्रेलियाई साइबर सिक्योरिटी कंपनी साइबरसीएक्स को खरीदने का ऐलान किया है। ऑस्ट्रेलियन फाइनेंशियल रिव्यू के अनुसार, इस सौदे की कीमत एक बिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर या 650 मिलियन यूएस डॉलर आंकी गई है। बता दें कि साइबरसिक्योरिटी सेक्टर में यह एक्सेंचर की अब तक की सबसे बड़ी डील है। यह अधिग्रहण ऐसे समय में किया जा रहा है जब ऑस्ट्रेलिया कई बड़े साइबर हमलों से जूझ रहा है, जिनमें 2022 में टेलीकॉम कंपनी ऑप्टस पर हुआ हमला भी शामिल है। ऑप्टस पर हुए हमले में 1 करोड़ यूजर्स का निजी डेटा लीक हो गया था। इसी तरह, स्वास्थ्य बीमा कंपनी मेडीबैंक पर हुए हैकिंग हमले में भी लगभग एक करोड़ ग्राहकों की संवेदनशील जानकारी उजागर हो गई थी। हाल ही में जुलाई में, क्वांटस एयरवेज ने खुलासा किया है कि साइबर अपराधियों ने उसके एक कॉल सेंटर में घुसपैठ की और 60 लाख ग्राहकों की व्यक्तिगत जानकारी चुरा ली। इन घटनाओं ने साइबरसिक्योरिटी सेवाओं की मांग को पहले से कहीं अधिक बढ़ा दिया है।
कंपनियों पर लगातार बढ़ रहे साइबर अटैक
कंपनियों को अब लगातार जटिल और खतरनाक साइबर खतरों का सामना करना पड़ रहा है। साइबरएक्स की स्थापना 2019 में बीजीएच कैपिटल के समर्थन से 12 छोटी साइबरसिक्योरिटी कंपनियों के विलय के रूप में की गई थी। यह कंपनी इस समय ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में कई सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर संचालित करती है, साथ ही इसके लंदन और न्यूयॉर्क में भी कार्यालय हैं। कंपनी में लगभग 1,400 कर्मचारी कार्यरत हैं। कंपनी के सीईओ ऑप्टस के पूर्व एमडी जॉन पाइटारिडिस हैं। हैं और चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर अलास्टेयर मैकगिबन (ऑस्ट्रेलिया के पूर्व राष्ट्रीय साइबरसिक्योरिटी कोऑर्डिनेटर) हैं। खास बात यह है कि कंपनी के नेतृत्व का ऑप्टस से जुड़ाव है, ऑप्टस वही टेलीकॉम कंपनी है जो 2022 में बड़े डेटा ब्रीच का शिकार हुई थी। साइबरसीएक्स को बेचने वाली बीजीएच कैपिटल ने सौदे की वित्तीय शर्तों का खुलासा नहीं किया है। एक्सेंचर ने भी अतिरिक्त जानकारी देने से इनकार कर दिया है, जबकि बीजीएच कैपिटल ने सौदे की कीमत पर कोई टिप्पणी नहीं की।
एक्सेंचर को वैश्वक स्तर पर मजबूती देगी यह डील
साइबर खतरों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए, यह सौदा एक्सेंचर की वैश्विक साइबरसिक्योरिटी क्षमताओं को और मजबूत करेगा। 2015 से अब तक एक्सेंचर 20 साइबरसिक्योरिटी अधिग्रहण कर चुकी है, जिनमें हाल ही में ब्राजील की मॉर्फस, मैक्सिको की एमएनईएमओ और स्पेन की इनोटेक सिक्योरिटी का अधिग्रहण शामिल है। घरेलू स्तर पर भी एक्सेंचर सक्रिय है। फरवरी में कंपनी ने टेल्स्ट्रा के साथ 700 मिलियन अमेरिकी डॉलर के सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसका उद्देश्य टेलीकॉम सेक्टर में एआई क्षमताओं को लागू करना है। यह अधिग्रहण न केवल एक्सेंचर की ऑस्ट्रेलियाई और न्यूजीलैंड बाजार में मौजूदगी को मजबूत करेगा, बल्कि इसे वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख साइबरसिक्योरिटी प्रदाता के रूप में स्थापित करेगा। बढ़ते साइबर हमलों के दौर में, इस तरह की रणनीतिक डील्स कंपनियों को अपने क्लाइंट्स को सुरक्षित और भरोसेमंद डिजिटल सेवाएं प्रदान करने में सक्षम बनाएंगी।












