राष्ट्रीय

गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका: पूर्व सीएम समेत 8 विधायक भाजपा में शामिल, 2019 में भी 10 ने छोड़ा था हाथ

गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यहां कांग्रेस के 11 में से 8 विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। यह जानकारी गोवा में BJP प्रदेश अध्यक्ष ने सदानंद शेत तनवड़े ने दी। सभी विधायक मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ विधानसभा पहुंचे और स्पीकर रमेश तावड़कर को अलग होने का पत्र सौंपा। गोवा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सदानंद तनवड़े ने सभी विधायकों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

इन लोगों ने छोड़ा कांग्रेस का साथ

कांग्रेस छोड़ने वाले विधायकों में पूर्व CM दिगंबर कामत, माइकल लोबो, देलिया लोबो, केदार नाइक, राजेश फलदेसाई, एलेक्सो स्काइरिया, संकल्प अमोलकर और रोडोल्फो फर्नांनडिज का नाम शामिल है। बता दें कि, 40 सदस्यों वाली गोवा विधानसभा में कांग्रेस के 11 और भाजपा के पास 20 विधायक हैं। जुलाई 2019 में भी इसी तरह कांग्रेस के 10 विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे।

ऐसे में कांग्रेस के आठ विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद अब कांग्रेस के पास विधानसभा में सिर्फ तीन सीटे ही बची हैं। वहीं भाजपा की संख्या बढ़कर 28 हो गई।

कांग्रेस जोड़ो यात्रा के दौरान लगा झटका

गोवा में पार्टी को ऐसे समय में झटका लगा है, जब कांग्रेस देशभर में खोई अपनी जमीन को वापस लेने के लिए कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के नेता देशभर में 150 दिन की 3570 किमी की यात्रा निकाल रहे हैं। यह यात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी।

2019 में भी कांग्रेस को लगा था झटका

यह पहला मौका नहीं है, जब गोवा में कांग्रेस को इस तरह का बड़ा झटका लगा हो। इससे पहले गोवा में पिछले विधानसभा चुनाव यानी 2017 में कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थीं। लेकिन 13 सीटें होने के बावजूद बीजेपी गठबंधन की सरकार बनाने में सफल रही थी। 2019 में कांग्रेस के 15 में से 10 विधायक BJP में शामिल हुए थे। इसमें नेता विपक्ष चंद्रकांत कावलेकर भी शामिल थे। इसके बाद 2 और विधायक बीजेपी में शामिल हुए थे।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button